राजनांदगांव। शहर में मांस विक्रय की व्यवस्था निर्धारित करने, अवैध दुकानों पर कार्रवाई करने और खुले में मांस की बिक्री पर रोक लगाने की मांग को लेकर बुधवार को अग्रसेन भवन में सर्वसमाज की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि इन प्रमुख मांगों को लेकर कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, नगर निगम आयुक्त, महापौर, विधानसभा अध्यक्ष, स्थानीय विधायक एवं सांसद को ज्ञापन सौंपा जाएगा। प्रतिनिधिमंडल सुबह 10 बजे अग्रसेन भवन में एकत्र होकर ज्ञापन सौंपने रवाना होगा।
बैठक में यह प्रमुख मांग रखी गई कि शहर में मांस विक्रय एवं परोसने के लिए एक-दो स्थान निश्चित किए जाएं, जिससे मांस का विक्रय केवल निर्धारित स्थानों पर ही हो सके। इसके अलावा, शहर में अवैध रूप से संचालित हो रही मांस की दुकानों पर सख्त कार्रवाई करने और खुले में मांस बेचने पर पूरी तरह रोक लगाने की मांग उठाई गई।
तीन दिन के भीतर कार्रवाई की चेतावनी
सर्वसमाज ने निर्णय लिया है कि संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को ज्ञापन सौंपकर मांगों पर तीन दिन के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया जाएगा। यदि निर्धारित समयावधि में अपेक्षित कार्रवाई नहीं की जाती है, तो सर्वसमाज द्वारा तीव्र जनआंदोलन शुरू करने और नगर बंद जैसे कदम उठाने की चेतावनी दी गई है।
बैठक में उपस्थित सभी प्रतिनिधियों ने इन मांगों को लेकर संगठित रूप से आगे बढ़ने और प्रशासन के समक्ष अपनी बात मजबूती से रखने पर सहमति जताई।
बैठक में प्रमुख रूप से ये रहे उपस्थित
बैठक में खूबचंद पारख, नरेश डाकलिया, सुशील अग्रवाल, नंद कुमार साहू, विनय ढड्ढा, विजय शर्मा, नीरज बाजपेयी, अशोक पांडे, भरत ठक्कर, अशोक लोहिया, शिव वर्मा, अजय सिंगी, बसंत चितलंगिया, मनोज बैद, विष्णु साव, संतोष फाटक, अरुण गुप्ता, राजेश खंडेलवाल, अशोक झांझरी, राजेंद्र सुराणा, रानू जैन, जैनम बैंद, अशोक सिंघल, लक्ष्मण लोहिया, योगेश बागड़ी, रमणीक अग्रवाल, बिशन अग्रवाल, शरद अग्रवाल, संजय लोहिया, संजय अग्रवाल एवं पुरुषोत्तम गांधी सहित विभिन्न समाजों के गणमान्य प्रतिनिधि उपस्थित थे।




