Home samachar दशहरा कार्यक्रम में डोंगरगांव पुलिस पर मारपीट का आरोप, युवा कांग्रेस ने...

दशहरा कार्यक्रम में डोंगरगांव पुलिस पर मारपीट का आरोप, युवा कांग्रेस ने सौंपा ज्ञापन…

2

लाठी के कथित इस्तेमाल से कांग्रेस युवा नेता घायल निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई की मांग

डोंगरगांव (दावा)। दशहरा पर्व के अवसर पर डोंगरगांव के आत्मानंद स्कूल मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस द्वारा लोगों के साथ कथित मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है. मामले को लेकर युवा कांग्रेस डोंगरगांव के विधानसभा अध्यक्ष लिलेश पटेल के नेतृत्व एवं प्रियंक जैन के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी को पुलिस अधीक्षक राजनांदगांव एवं पुलिस महानिरीक्षक राजनांदगांव के नाम ज्ञापन सौंपा गया. ज्ञापन के माध्यम से पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई.
ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि 20 अक्टूबर को आत्मानंद स्कूल मैदान में दशहरा कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस बल तैनात था. कार्यक्रम के दौरान पुलिस द्वारा कई लोगों पर कथित रूप से अत्यधिक बल प्रयोग करते हुए लाठी का इस्तेमाल किया गया और बेरहमी से मारपीट की गई. इस दौरान कांग्रेस युवा नेता एवं पूर्व एनएसयूआई विधानसभा अध्यक्ष राकेश साहू को पैर और कान में चोट आई है. युवा कांग्रेस का दावा है कि इस दौरान कई युवाओं के साथ भी मारपीट की गई लेकिन गरीबी, लाचारी और भय के चलते कोई भी युवा सामने नहीं आ रहे हैं. युवा कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया कि घटनाक्रम के दौरान कुछ पुलिसकर्मी कथित रूप से नशे की हालत में थे और उनके द्वारा लोगों के साथ मारपीट की गई. इस विषय में पीडि़त राकेश साहू ने बताया कि वे आत्मानंद स्कूल में दशहरा कार्यक्रम के दौरान कुछ युवकों को पुलिस के व्दारा सार्वजनिक रूप से डंडे से पीटे जाने का विडियो बना रहे थे, जिसकी वजह से उन्हें भी पकड़ा गया और मोबाईल छींनकर उनकी बेरहमी से पिटाई की गई और थाने ले जाया गया. मिली जानकारी के अनुसार इस स्थल पर थानेदार इतने उत्तेजित थे कि शहर के एक चुने हुए जनप्रतिनिधि की बाद को भी अनदेखा कर रहे थे और बड़ी मशक्कत के बाद एक बेकसूर लडक़े को उन्होंने छोड़ा. ज्ञापन में डोंगरगांव थाना प्रभारी आशीर्वाद रहटगांवकर, आरक्षक बिसराम वर्मा, एआई कुर्रे, एआई यादव, आरक्षक रामचरण यादव एवं चंद्रकांत सोनी की भूमिका की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई है.

ज्ञापन में संबंधित पुलिसकर्मियों का मेडिकल परीक्षण (एमएलसी) कराने तथा घटनाक्रम की पूरी जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की गई है। युवा कांग्रेस ने कहा कि जांच में यदि किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही या दोष सामने आता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए.
युवा कांग्रेस ने प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मामले में शीघ्र निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई नहीं की गई, तो संगठन द्वारा उग्र प्रदर्शन किया जाएगा. संगठन ने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाली परिस्थितियों की संपूर्ण जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी ज्ञापन देने दौरान युवा कांग्रेस विधानसभा अध्यक्ष लिलेश पटेल प्रियंक जैन, रितेश राजपूत, राकेश साहू, राजा यादव, संदीप, देवेंद्र देवांगन उपस्थित थे. इस विषय में डोंगरगांव टीआई आशीर्वाद रहटगांवकर से जानकारी लेने का प्रयास किया गया किन्तु उन्हें कॉल रिसिव नहीं किया. घटना की जानकारी मिली है और जांच के पश्चात आगे की कार्यवाही की जायेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here