Home samachar डोंगरगढ़ में गैस सिलेंडरों से गैस चोरी का बड़ा खुलासा: रंगे हाथों...

डोंगरगढ़ में गैस सिलेंडरों से गैस चोरी का बड़ा खुलासा: रंगे हाथों पकड़े जाने पर वाहन छोड़़ भागे कर्मचारी; एसडीएम ने दिए कार्रवाई के निर्देश…

89

० आदर्श नगर भुरवा टोला के सुनसान मैदान में रोजाना सिलेंडरों से खाली टंकियों में निकाली जा रही थी गैस
० एजेंसी संचालक विवेक वासनिक कराएंगे फरार कर्मचारियों पर एफआईआर, बोले- कार्यालय में दर्ज है पूरा रिकॉर्ड

डोंगरगढ़ (दावा)। नगर में रसोई गैस वितरण व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए बाहर से पेशेवर कर्मचारियों को रखना इंडेन गैस एजेंसी के संचालक विवेक वासनिक को भारी पड़ गया। राजस्थान से आए इन कर्मचारियों ने डिलीवरी में तेजी तो दिखाई, लेकिन वे सिलेंडरों से गैस चोरी कर उपभोक्ताओं के हक पर डाका डालने में लगे थे। मंगलवार को सुनसान मैदान में गैस की अवैध रिफिलिंग करते रंगे हाथों पकड़े जाने पर कर्मचारी सिलेंडरों से भरी गाड़ी मौके पर ही छोडक़र फरार हो गए। मामले की सूचना मिलते ही एसडीएम ने मौके पर पहुंचकर विभागीय अधिकारियों को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आदर्श नगर से आगे भुरवा टोला के मध्य स्थित सुनसान मैदान में प्रतिदिन इंडेन गैस एजेंसी की डिलीवरी गाड़ी खड़ी की जाती थी। वहां कर्मचारी भरे हुए सिलेंडरों से गैस निकालकर खाली टंकियों में ट्रांसफर (कटिंग) करते थे। जब एक प्रत्यक्षदर्शी ने मौके पर पहुंचकर पूछताछ की, तो कर्मचारी पहले धौंस दिखाने लगे। इसके बाद स्थानीय नागरिकों को एकत्र होते देख सभी कर्मचारी गैस से भरी गाड़ी छोडक़र पास स्थित रेलवे पटरी की ओर भाग निकले।
मौके पर पहुंचे एसडीएम, विभागीय जांच शुरू
घटना की जानकारी मिलते ही डोंगरगढ़ एसडीएम तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लेते हुए खाद्य एवं संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवश्यक पंचनामा तैयार करने और नियमानुसार कड़ी कानूनी व विभागीय कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
एजेंसी संचालक दर्ज कराएंगे एफआईआर
मामले में इंडेन गैस एजेंसी के संचालक व वरिष्ठ कांग्रेस नेता विवेक वासनिक ने बताया कि करीब छह माह पूर्व शहरवासियों को निर्बाध व सुचारु आपूर्ति देने के उद्देश्य से इन कर्मचारियों को नियुक्त कर सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराए गए थे। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों द्वारा उपभोक्ताओं के साथ की जा रही धोखाधड़ी गंभीर अपराध है। फरार हुए सभी कर्मचारियों का पूरा रिकॉर्ड व पहचान कार्यालय में उपलब्ध है। पुलिस में उनके खिलाफ नामजद प्राथमिकी (एफआईआर) दर्ज कराई जाएगी, ताकि उन्हें शीघ्र गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जा सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here