वरिष्ठ नेता खूबचंद पारख बने जिला टोली संयोजक, 5 नवंबर तक पदयात्रा
राजनांदगांव (दावा)। भाजपा द्वारा ‘लोकतंत्र बचाओ, भीड़तंत्र हटाओ’ अभियान का औपचारिक आगाज किया गया है। इस राष्ट्रव्यापी अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता आम जनता के बीच पहुंचकर लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान और विपक्ष की कथित नकारात्मक राजनीति के खिलाफ जनजागरण करेंगे। अभियान के सुचारू संचालन के लिए जिला स्तर पर सात आयामों के प्रभारी व समन्वयकों की नियुक्ति की गई है। वरिष्ठ भाजपा नेता खूबचंद पारख को इस महत्वपूर्ण जिला टोली का संयोजक नियुक्त किया गया है।
विपक्ष की नकारात्मक राजनीति का जवाब- राजपूत
जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल जंतर-मंतर सहित देश के विभिन्न हिस्सों में भीड़तंत्र के बल पर लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं और संवैधानिक मर्यादाओं को प्रभावित करने का प्रयास कर रहे हैं। इस प्रकार की विघटनकारी राजनीति से देश की छवि धूमिल होती है। इसी का लोकतांत्रिक जवाब देने और जनता को जागरूक करने के उद्देश्य से भाजपा ने इस व्यापक अभियान की शुरुआत की है। यह विशेष अभियान आगामी 5 नवंबर तक चलेगा। इस दौरान समाज के हर वर्ग—विशेषकर युवाओं, प्रबुद्धजनों और छात्रों तक सीधे संवाद के माध्यम से पहुंच बनाई जाएगी।
अभियान के संपूर्ण प्रभार की जिम्मेदारी वरिष्ठ नेता खूबचंद पारख को सौंपी गई है। उनके साथ जिला टोली में राजेंद्र गोलछा, डिकेश साहू, रमन डोंगरे, रविंद्र वैष्णव एवं प्रशांत कोडापे को सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। विभिन्न गतिविधियों के सफल संचालन हेतु सात प्रमुख आयामों के संयोजक इस प्रकार नियुक्त किए गए हैं। जिसमें पदयात्रा महापौर मधुसूदन यादव, बौद्धिक संवाद शशिकांत द्विवेदी, युवा संवाद सचिन सिंह बघेल, छात्र प्रतिस्पर्धा भरत वर्मा, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर कवरेज नीलू शर्मा, विशेषांक पत्रिकाएं योगेशदत्त मिश्रा, प्रेस कॉन्फे्रंस अमर लालवानी आदि है।
कार्यकर्ता जन-जन तक पहुंचाएं संवैधानिक मूल्यों का संदेश : खूबचंद पारख
अभियान के जिला संयोजक खूबचंद पारख ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता गांव-गांव और वार्डों में पहुंचकर लोकतंत्र की मजबूती और लोकतांत्रिक परंपराओं के संरक्षण का संदेश देंगे। उन्होंने सभी पदाधिकारियों, मोर्चा-प्रकोष्ठों और कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे निर्धारित समय-सीमा में आयोजित होने वाले सभी सातों आयामों के कार्यक्रमों में पूरी निष्ठा व सक्रियता से सहभागिता सुनिश्चित करें।




