Home छत्तीसगढ़ अवैध मांस विक्रय और सुरक्षा मानकों पर प्रशासन सख्त : महापौर ने...

अवैध मांस विक्रय और सुरक्षा मानकों पर प्रशासन सख्त : महापौर ने ली संयुक्त बैठक, शाम को मैदान में उतरी टीम…

15

अवैध मांस विक्रय और सुरक्षा मानकों पर प्रशासन सख्त : महापौर ने ली संयुक्त बैठक, शाम को मैदान में उतरी टीम

राजनांदगांव (दावा)। शहर में अवैध रूप से मांस विक्रय करने वालों और खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नगर निगम, पुलिस और खाद्य विभाग ने संयुक्त रूप से मोर्चा खोल दिया है। महापौर मधुसूदन यादव ने नगर निगम, पुलिस, खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के अधिकारियों की महत्वपूर्ण संयुक्त बैठक लेकर शहर के होटलों, ठेलों और खोमचों की सघन जांच के निर्देश दिए। बैठक के चंद घंटों बाद ही संयुक्त दल ने शहर के प्रमुख इलाकों में दबिश देकर अभियान की शुरुआत कर दी।

गौरी नगर की घटना के बाद सख्ती
बैठक को संबोधित करते हुए महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि बीते दिनों गौरी नगर में अवैध मांस विक्रय की शिकायत मिलने पर पुलिस ने कानूनी कार्रवाई की थी, वहीं नगर निगम ने अतिक्रमित निर्माण को ध्वस्त कर ठेला जब्त किया था। इसी कड़ी में अब पूरे शहर में मांस विक्रेताओं के लाइसेंस, खाद्य सुरक्षा विभाग की अनुमति और स्वच्छता मानकों की जांच की जा रही है। निगम द्वारा संबंधित विक्रेताओं को तीन दिन के भीतर आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के नोटिस जारी किए जा रहे हैं।

इन बिंदुओं पर फोकस करने के निर्देश
महापौर ने कहा कि सभी विभाग समन्वय बनाकर कार्य करें। जांच दल मांस विक्रेताओं के निम्नलिखित बिंदुओं की पड़ताल करे। जिसमें वैध फूड लाइसेंस और खाद्य सुरक्षा विभाग की विधिवत अनुमति। व्यावसायिक के स्थान पर घरेलू गैस सिलेंडरों का अवैध उपयोग। खाद्य सामग्री की गुणवत्ता (फूड क्वालिटी) और स्वच्छता का स्तर। शाम को शहर में चला चेकिंग अभियान, 4 घरेलू सिलेंडर जब्त आदि है।

महापौर के निर्देश मिलते ही शाम को निगम, खाद्य, औषधि प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम जांच के लिए सडक़ों पर उतरी। टीम ने नया बस स्टैंड, टाउन हॉल के सामने, फ्लाईओवर के नीचे, पोस्ट ऑफिस के पास और पुराना बस स्टैंड क्षेत्र में संचालित मांस विक्रेताओं के ठेलों और होटलों में दबिश दी। निरीक्षण के दौरान खाद्य सुरक्षा और लाइसेंस की जांच के साथ ही व्यावसायिक उपयोग में लाए जा रहे 4 घरेलू गैस सिलेंडरों को जब्त किया गया। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि यह संयुक्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा। बैठक में नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम, प्रशिक्षु आईपीएस व नगर पुलिस अधीक्षक आदित्य कुमार, डीएसपी एस.पी. तिवारी, टीआई उपेन्द्र साहू, खाद्य व औषधि विभाग के अभिहित अधिकारी तरुण बिडला तथा सहायक खाद्य अधिकारी द्रोण कामडे सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here