Home samachar आज शरद पूर्णिमा : चंद्रमा बरसाएगा अमृत, सोलह कलाओं से निखरेगी धवल...

आज शरद पूर्णिमा : चंद्रमा बरसाएगा अमृत, सोलह कलाओं से निखरेगी धवल चांदनी…

7

० ज्ञान की देवी मां सरस्वती की होगी आराधना, कला, साहित्य व संगीत के विविध आयोजन
० चांद की रोशनी में रखी जाएगी खीर प्रसादी, मंदिरों में गूंजेंगे भजन-कीर्तन

राजनांदगांव (दावा)। आज अश्विनी शुक्ल पक्ष की चतुर्दशी तिथि को शरद पूर्णिमा का पर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। आज की रात चंद्रमा अपने पूरी कलाओं के साथ चन्द्र ज्योत्सना के माध्यम से धरती में अमृत बरसाएगा। चंद्रमा आज आसमान में पूरे शबाब में दिखाई देगा। चंद्रमा की पूरी 16 कलाओं वाली वैभवता पूर्ण यौवन के साथ दिखाई देगी। यह वही समय है जब भगवान श्री कृष्ण ने वृंदावन में गोपियों के साथ रास रचाई थी। रास डांडिया खेले थे। शरद पूर्णिमा के दिन को ज्ञान की देवी मां सरस्वती पूजन का भी दिन माना जाता है। कला संगीत साहित्य के पुजारी इस दिन सुर-संगीत व ज्ञान की देवी मां सरस्वती शारदे का पूजन करते हुए। कला साहित्य संगीत से संबंधित आयोजन कर मां सरस्वती शारदे का पूजन वंदन किया जाता है।

आज की रात चंद्रमा से बरसेगा अमृत
मान्यता है कि शरद पूर्णिमा की रात चंद्र देवता अपने शीतल किरणों से धरती के स्थावर जंगम सभी में अमृत बरसाता है। यही वजह है कि शरद पूर्णिमा की रात चंद्रमा के उजाले में खीर प्रसादी तैयार की जाती है और मां सरस्वती शारदे, शीतला देवी आदि की पूजा कर लोगों में वितरण किया जाता है। इस खीर प्रसादी के सेवन से कई रोग नष्ट होते हैं। शरीर पुष्ट होता है। चेहरे में कांति आती है। यौवन दमकने लगता है। स्वांस दमा के मरीजों के लिए औषधि युक्त खीर प्रसादी राम बाण साबित होता है। इस अमृत युक्त खीर प्रसादी पाने के लिए लोग देर रात जागते हैं। इस दौरान मंदिर देवालयों के सामने भजन कीर्तन अथवा जससेवा गान आदि का कार्यक्रम आयोजित रहती है।

शहर में जगह-जगह होगा आयोजन
शरद पूर्णिमा के अवसर पर आज मंदिरों में पूजा-अर्चना के साथ खीर प्रसादी वितरण का कार्यक्रम आयोजित रहेगा। कामठी लाईन स्थित श्री सत्यनारायण मंदिर में भगवान की पूजा के साथ भजन -पूजन की गूंज के साथ रात में खीर प्रसादी वितरित की जाएगी। इसी तरह पार्री नाला समीप राम धाम अयोध्या में भजनों की गूंज के साथ शरद पूर्णिमा पर्व मनाया जाएगा और रात में अमृत मयी खीर वितरण होगा। शहर के पाताल भैरवी मंदिर में विभिन्न आयोजनों के बीच स्वांस दमा के रोगियों को औषधि युक्त खीर प्रसादी बांटी जाएगी। इसी तरह शहर सहित अंचल भर के शीतला मंदिरों व अन्य देवस्थानो में शरद पूर्णिमा की धूम रहेगी। रात में चंद्रमा के उजाले में खीर प्रसादी तैयार कर लोगों में बांटा जाएगा। शरद पूर्णिमा के अवसर पर आज दोपहर 12 बजे प्रेस क्लब में मां सरस्वती पूजन व कला साहित्य से संबंधित कार्यक्रम का आयोजन किया गया है। सचिव अनिल त्रिपाठी ने सभी कला संगीत अनुरागियों व कलम के धनी पत्रकार बंधुओं को उक्त कार्यक्रम में उपस्थिति की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here