Home samachar दीपावली पर सुगम व्यवस्था के लिए महापौर और आयुक्त ने किया संयुक्त...

दीपावली पर सुगम व्यवस्था के लिए महापौर और आयुक्त ने किया संयुक्त निरीक्षण…

23

० छठ पूजा के मद्देनजर मोती तालाब में साफ-सफाई व पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर
० गंज चौक स्थित जर्जर उद्योग कॉम्प्लेक्स को तोडऩे की प्रक्रिया तेज करने के आदेश
राजनांदगांव (दावा)। आगामी दीपावली एवं छठ पर्व के मद्देनजर शहर में सुगम यातायात, स्वच्छता एवं सुचारू व्यवस्था बनाए रखने के लिए बुधवार को महापौर मधुसूदन यादव और निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम ने शहर का सघन संयुक्त निरीक्षण किया। अधिकारियों ने जयस्तंभ चौक, मोती तालाब, गंज चौक व्यावसायिक परिसर, ऑडिटोरियम तथा विभिन्न अस्थाई पार्किंग स्थलों का जायजा लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
फ्लाईओवर के नीचे शिफ्ट होंगे पसरे, जयस्तंभ चौक पर मार्किंग
महापौर व आयुक्त ने सर्वप्रथम जयस्तंभ चौक का निरीक्षण किया। त्योहार के दौरान मुख्य सडक़ों पर जाम से बचने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि पसरा लगाने वाले व्यापारियों का सर्वे कर उनका नाम दर्ज किया जाए और उन्हें समझाइश देकर फ्लाईओवर के नीचे व्यवस्थित रूप से बैठाया जाए। इसके लिए फ्लाईओवर के नीचे बाकायदा मार्किंग करने और क्षेत्र में प्रकाश व सफाई के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए।
छठ पूजा के लिए मोती तालाब में होंगे विशेष इंतजाम
मोती तालाब पहुंचे अधिकारियों ने स्थानीय पार्षद प्रमोद झंझारे व वार्डवासियों से चर्चा की। महापौर ने निर्देश दिए कि छठ महापर्व को देखते हुए तालाब परिसर की विशेष साफ-सफाई, आवश्यक मरम्मत और तालाब के किनारे अतिरिक्त विद्युत पोल व लाइटें लगाई जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
गंज चौक स्थित व्यावसायिक परिसर के जीर्णोद्धार कार्य का जायजा लेने के दौरान अधिकारियों ने समीप स्थित जर्जर उद्योग कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया। भवन की अत्यंत जीर्ण-शीर्ण हालत को देखते हुए अधिकारियों ने माना कि यह कभी भी धराशायी होकर जन-धन की भारी हानि पहुंचा सकता है। लोकहित और जनसुरक्षा के मद्देनजर इस बाधा को हटाने के लिए विभागीय समन्वय बनाकर ईओआई (रुचि अभिव्यक्ति) आमंत्रित करने और डिस्मेंटल की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए गए।
अस्थाई पार्किंग व गौरव पथ की सफाई पर फोकस
निरीक्षण दल ने पद्मश्री गोविंदराम निर्मलकर ऑडिटोरियम का अवलोकन कर शेष मरम्मत कार्य, बाउंड्रीवाल का रंग-रोगन और पेड़ों की ट्रिमिंग कराने को कहा। वहीं गौरव पथ पर डिवाइडर और फुटपाथ की सफाई रखने के निर्देश दिए। दीपावली की भारी भीड़ को देखते हुए चिन्हित अस्थाई पार्किंग स्थलों का समतलीकरण करने, वहां प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने और यातायात विभाग से समन्वय बनाकर पार्किंग संचालित करने के निर्देश दिए गए, ताकि शहर में आवागमन निर्बाध बना रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here