Home देश एक घंटे में 5 भूकंप के झटकों से हिला नेपाल, उत्तर भारत...

एक घंटे में 5 भूकंप के झटकों से हिला नेपाल, उत्तर भारत में भी कांपी धरती, कुछ देर रहा भय का माहौल

131
0

नेपाल में कुछ ही समय के अंतराल पर एक के बाद एक आए पांच भूकंप के कारण दिल्ली-एनसीआर और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए. राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) ने मंगलवार को यह जानकारी दी.

एनसीएस के एक अधिकारी ने कहा कि 4.6 तीव्रता का पहला भूकंप दोपहर 2:25 बजे पश्चिम नेपाल में जमीन से 10 किलोमीटर की गहराई पर आया. फिर दो बजकर 40 मिनट पर 5.3 तीव्रता का दूसरा भूकंप काठमांडू से 700 किलोमीटर पश्चिम में बझांग जिले के तालकोट इलाके में दर्ज किया गया.

इसके बाद 2:51 बजे हिमालयी राष्ट्र में एक बार फिर तेज भूकंप का झटका आया, जिसकी तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 6.2 मापी गई. दो और भूकंप (3.6 और 3.1 तीव्रता के) क्रमशः तीन बजकर छह मिनट पर और तीन बजकर 19 मिनट पर उसी क्षेत्र में 15 किमी और 10 किमी की गहराई पर आए.

दिल्ली और उत्तराखंड में भूकंप के झटके
सबसे शक्तिशाली भूकंप का केंद्र उत्तराखंड की तीर्थनगरी जोशीमठ से 206 किलोमीटर दक्षिणपूर्व और उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से 284 किलोमीटर उत्तर में था. दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में भी लोगों ने दूसरे भूकंप के बाद तेज झटके महसूस किए और अपने कार्यालयों और ऊंची इमारतों से बाहर निकल आए.

दिल्ली पुलिस ने लोगों से न घबराने की अपील की है. दिल्ली पुलिस ने ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर एक पोस्ट में कहा, “हमें उम्मीद है कि आप सब सुरक्षित हैं. कृपया अपनी इमारतों से बाहर निकलकर सुरक्षित स्थान पर आ जाएं, लेकिन घबराएं नहीं. लिफ्ट का इस्तेमाल न करें. किसी भी आपातकालीन मदद के लिये 112 पर फोन करें.”
उत्तराखंड में देहरादून, हरिद्वार सहित अनेक स्थानों पर भी मंगलवार दोपहर दो बजकर 51 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस किए गए. आधिकारिक सूत्रों ने यहां बताया कि फिलहाल प्रदेश में जान-माल के नुकसान की कोई सूचना नहीं है.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here