Home देश जेईई मेन फॉर्म में गलती हो गई है? एनटीए ने बदल दिए...

जेईई मेन फॉर्म में गलती हो गई है? एनटीए ने बदल दिए नियम, अब फिर से कर सकते हैं अप्लाई

1

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने जेईई मेन 2027 सत्र 1 को लेकर बेहद अहम अपडेट जारी किया है. जेईई मेन का फॉर्म भरते समय स्टूडेंट्स हड़बड़ाहट में नाम, स्पेलिंग, कैटेगरी या क्वॉलिफिकेशन जैसी जानकारियां गलत दर्ज कर देते हैं. पहले ऐसी गलतियां सुधारने के लिए करेक्शन विंडो का इंतजार करना पड़ता था. लेकिन अब एनटीए ने बड़ा बदलाव किया है. जेईई मेन फॉर्म में कोई गलती होने पर घबराने की जरूरत नहीं है. नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने नया फॉर्म भरने की अनुमति दे दी है.

एनटीए के नोटिस के मुताबिक, उम्मीदवार अब पहले से मिले एप्लीकेशन नंबर या भरी जा चुकी फीस के बावजूद जेईई मेन 2027 के लिए फ्रेश आवेदन पत्र जमा कर सकते हैं. नया फॉर्म 22 नवंबर 2026 (रात 11:50 बजे तक) तक ही भर सकते हैं. लेट फीस के साथ 23 से 26 नवंबर तक भर सकते हैं. पुराने फॉर्म की फीस रिफंड या एडजस्ट नहीं होगी. केवल फीस समेत कन्फर्म किया गया फॉर्म ही वैध माना जाएगा. जानिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी का नया अपडेट.

जेईई मेन फॉर्म में गलती हो गई? भर लें फ्रेश फॉर्म
नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने जेईई मेन 2027 सत्र 1 के लिए आवेदन करने वालों की सबसे बड़ी उलझन सुलझा दी है. अक्सर ऑनलाइन फॉर्म भरते समय जल्दबाजी में पर्सनल डिटेल्स, शैक्षणिक योग्यता या परीक्षा शहर चुनते समय गलतियां हो जाती हैं. पहले ऐसी स्थिति में करेक्शन विंडो के अलावा कोई ऑप्शन नहीं बचता था. लेकिन अब NTA ने साफ कर दिया है कि अगर आवेदन में कोई बड़ी गड़बड़ी हो गई है तो आप नया और फ्रेश एप्लीकेशन फॉर्म दोबारा जमा कर सकते हैं.

नया फॉर्म भरने के बाद स्टूडेंट्स के मन में सवाल आता है कि क्या उनके दोनों फॉर्म मान्य होंगे? यहां NTA का नियम बिल्कुल स्पष्ट है. आपने जितने भी फॉर्म जमा किए हों, उनमें से केवल वही आखिरी फॉर्म वैध माना जाएगा, जिसके लिए फीस जमा कर दी हो और कन्फर्मेशन पेज जनरेट हुआ हो. अगर नया फॉर्म भरना शुरू तो किया लेकिन पेमेंट या कन्फर्मेशन पूरा नहीं कर पाए तो पहले वाला भरा हुआ फॉर्म ही वैध माना जाएगा. हर नए फॉर्म के साथ नया एप्लीकेशन नंबर मिलेगा. इसलिए पुराने और नए नंबर में कंफ्यूज न हों.
फीस को लेकर बड़ा झटका: नो रिफंड, नो एडजस्टमेंट

ध्यान रखें कि नया फॉर्म भरने से पुराने पैसे नहीं बचेंगे. NTA के नियमों के अनुसार, पुराने फॉर्म पर भरी गई परीक्षा फीस रिफंड नहीं की जाएगी. पुरानी फीस नए आवेदन में एडजस्ट भी नहीं होगी. इसका मतलब है कि नए फ्रेश फॉर्म के साथ पूरा परीक्षा शुल्क दोबारा चुकाना होगा. जेईई मेन फॉर्म भरने से पहले सभी डिटेल्स को क्रॉस-चेक कर लें. एक ही सत्र के लिए एक से अधिक एप्लीकेशन नंबर से परीक्षा देने को ‘अनफेयर मीन्स’ (UFM) माना जाएगा. इसके खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जा सकती है.

कब तक आवेदन कर सकते हैं?
जेईई मेन 2027 सेशन 1 के लिए फ्रेश फॉर्म जमा करने और फीस भुगतान करने की अंतिम तारीख 22 नवंबर 2026 (रात्रि 11:50 बजे) निर्धारित की गई है. इस डेडलाइन से चूक जाने पर भी चिंता की कोई बात नहीं है. NTA ने 23 से 26 नवंबर 2026 (रात 11:50 बजे तक) लेट फीस के साथ आवेदन करने का मौका दिया है. अगर फॉर्म में केवल मामूली सुधार (जैसे नाम की वर्तनी या छोटे बदलाव) करने हैं तो NTA ने 27 से 29 नवंबर 2026 तक विशेष करेक्शन फैसिलिटी विंडो भी खोली है.

नया फॉर्म भरते समय इन बातों का रखें खास ख्याल
जेईई मेन का फ्रेश फॉर्म भरते समय शुरुआत से सारी प्रक्रिया दोबारा पूरी करनी होगी. इसका मतलब है कि नाम, योग्यता, पते के साथ-साथ लेटेस्ट फोटोग्राफ, हस्ताक्षर (Signature) और सभी जरूरी डॉक्यूमेंट्स फिर से अपलोड करने होंगे. किसी भी टेक्निकल सहायता या दुविधा की स्थिति में NTA के हेल्पडेस्क नंबर (011-40759000 / 011-69227700) पर सुबह 8 बजे से रात 10 बजे के बीच संपर्क कर सकते हैं या 24 घंटे उपलब्ध टोल-फ्री हेल्पलाइन (1800 180 4747) की मदद ले सकते हैं.