वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने की घोषणा, तकनीकी सत्र में कराधान और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस पर हुआ मंथन
दुर्ग। छत्तीसगढ़ टैक्स बार काउंसिल के तत्वावधान में और टैक्स बार एसोसिएशन, दुर्ग के आतिथ्य में पृथ्वी पैलेस, दुर्ग में आयोजित एक दिवसीय राज्य स्तरीय ‘छत्तीसगढ़ टैक्स-टेक समिट 2026’ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। सम्मेलन में प्रदेश भर से टैक्स बार एसोसिएशन के पदाधिकारी, अधिवक्ता, चार्टर्ड अकाउंटेंट्स एवं कर विशेषज्ञ सम्मिलित हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जीएसटी अपीलीय न्यायाधिकरण नई दिल्ली के अध्यक्ष संजय कुमार मिश्रा रहे। वहीं विशेष अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी तथा कानून मंत्री गजेंद्र यादव उपस्थित रहे। सम्मेलन की अध्यक्षता छत्तीसगढ़ टैक्स बार काउंसिल के अध्यक्ष विवेक सारस्वत ने की।
राजनांदगांव टैक्स बार को मिला बार रूम
समिट के दौरान टैक्स बार एसोसिएशन राजनांदगांव के पदाधिकारियों ने अधिवक्ताओं एवं कर सलाहकारों के अध्ययन व पेशेवर गतिविधियों के लिए बार रूम की मांग करते हुए वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी को ज्ञापन सौंपा। वित्त मंत्री ने मांग पर त्वरित संज्ञान लेते हुए राजनांदगांव स्थित नवनिर्मित जीएसटी कार्यालय भवन में टैक्स बार के लिए बार रूम आवंटित करने की मंच से विधिवत घोषणा की। एसोसिएशन के अध्यक्ष हिरेंद्र देवांगन ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए वित्त मंत्री के प्रति आभार जताया और कहा कि इससे स्थानीय कर सलाहकारों व अधिवक्ताओं की दैनिक कार्यप्रणाली को सुविधा मिलेगी।
आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) पर सत्र
सम्मेलन के तकनीकी सत्र में हैदराबाद से आए सीए विजय श्रीनिवासन ने ‘व्यावसायिक जीवन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का उपयोग’ विषय पर व्याख्यान दिया। उन्होंने तेजी से बदलती कर व्यवस्था, डिजिटल टूल्स और एआई की सहायता से कार्यक्षमता बढ़ाने पर विस्तृत प्रकाश डाला। इस दौरान राजनांदगांव टैक्स बार एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य बृज किशोर सुरजन, कमल किशोर साहू, महेश कुमार शर्मा, प्रकाश सांखला सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे। सचिव मयंक शर्मा ने सम्मेलन की सफलता पर सभी अतिथियों व प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।




