Home Uncategorized आबकारी विभाग की कार्रवाई : अवैध शराब से भरी स्कॉर्पियो छोडक़र भागा...

आबकारी विभाग की कार्रवाई : अवैध शराब से भरी स्कॉर्पियो छोडक़र भागा तस्कर गिरफ्तार, भेजा जेल…

21

राजनांदगांव (दावा)। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी जितेन्द्र यादव के निर्देशानुसार जिले में अवैध मदिरा के कारोबार एवं तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत आबकारी वृत्त डोंगरगढ़ को बड़ी सफलता मिली है। मुखबिर की सूचना पर पीछा करने के दौरान वाहन छोडक़र फरार हुए शराब तस्कर को आबकारी टीम ने धर दबोचा है। न्यायालय में पेशी के उपरांत आरोपी को 13 दिनों की न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

गाड़ी छोडक़र भाग निकला था तस्कर
सहायक आयुक्त आबकारी राजेश कुमार शर्मा ने बताया कि आबकारी उपनिरीक्षक (डोंगरगढ़) अनिल सिंह को मुखबिर से मध्यप्रदेश से लाई जा रही भारी मात्रा में अवैध शराब की सूचना मिली थी। सूचना की तस्दीक करते हुए आबकारी टीम ने मड़ीयान से झिंझारी रोड के मध्य घेराबंदी की। टीम को देखते ही सिल्वर रंग की स्कॉर्पियो (क्रमांक सीजी 04 एचए 8987) का चालक तेज रफ्तार से भागने लगा। पीछा करने पर आरोपी रास्ते में ही वाहन खड़ा कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया था।

45 पेटी शराब और वाहन जब्त
लावारिस हालत में मिली स्कॉर्पियो की तलाशी लेने पर उसमें से मध्यप्रदेश निर्मित शराब की 45 पेटियां बरामद की गईं। इसमें 5 पेटी रॉयल स्टैग, 20 पेटी बॉम्बे स्पेशल तथा 20 पेटी गोवा स्पिरिट (कुल 2250 नग पाव, कुल मात्रा 405 बल्क लीटर) पाई गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत 3 लाख 5 हजार रुपये तथा प्रयुक्त वाहन का मूल्य 5 लाख रुपये आंका गया है। आबकारी विभाग ने कुल 8 लाख 5 हजार रुपये की संपत्ति जब्त कर अज्ञात आरोपी के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम 1915 की धारा 34(2), 36 एवं 59(क) के तहत गैर-जमानती अपराध पंजीबद्ध किया था। सघन पतासाजी के बाद आबकारी टीम ने फरार मुख्य आरोपी संजय लाल पारधी (निवासी मरोदा, रिसाली, जिला दुर्ग) को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को सक्षम न्यायालय में प्रस्तुत कर 13 दिन के न्यायिक रिमांड पर जेल दाखिल करा दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here