Home samachar नवीन विद्युत उपकेन्द्र ऊर्जीकृत :17 गांवों के 4,875 उपभोक्ताओं को मिलेगी निर्बाध...

नवीन विद्युत उपकेन्द्र ऊर्जीकृत :17 गांवों के 4,875 उपभोक्ताओं को मिलेगी निर्बाध बिजली…

20

2.15 करोड़ की लागत से तैयार उपकेन्द्र का ईडी प्रोजेक्ट एम. जामुलकर व मुख्य अभियंता एच.के. मेश्राम ने किया लोकार्पण

राजनांदगांव (दावा)। ग्रामीण क्षेत्रों में विद्युत वितरण व्यवस्था को सुदृढ़ करने की दिशा में छत्तीसगढ़ स्टेट पॉवर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। लाल बहादुर नगर वितरण केंद्र के अंतर्गत ग्राम रामाटोला (हीरापुर) में मुख्यमंत्री विद्युत अधोसंरचना विकास योजना के तहत नवनिर्मित 33/11 के.व्ही. उपकेन्द्र को कार्यपालक निदेशक (प्रोजेक्ट) एम. जामुलकर एवं मुख्य अभियंता (राजनांदगांव क्षेत्र) हर्ष कुमार मेश्राम द्वारा विधिवत ऊर्जीकृत कर जनता को समर्पित किया गया।

2.15 करोड़ से तैयार हुआ आधुनिक विद्युत नेटवर्क
लगभग 2 करोड़ 15 लाख की लागत से स्थापित इस उपकेन्द्र में 3.15 एम.व्ही.ए. क्षमता का पावर ट्रांसफार्मर लगाया गया है। इसके साथ ही वितरण तंत्र को मजबूती देने के लिए 2 किमी लंबी 33 के.व्ही. तथा 2.5 किमी लंबी 11 के.व्ही. लाइन का निर्माण किया गया है। जिससे क्षेत्र में विद्युत वितरण क्षमता और प्रबंधन में उल्लेखनीय सुधार होगा। नवीन उपकेन्द्र के शुरू होने से क्षेत्र के 17 गांवों के करीब 4,875 उपभोक्ताओं को सीधा लाभ पहुंचेगा। इससे विशेष रूप से कृषि एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लो-वोल्टेज, ओवरलोडिंग और बार-बार होने वाली ट्रिपिंग से निजात मिलेगी।

किसानों और सिंचाई कार्यों को मिलेगी प्राथमिकता
लोकार्पण अवसर पर मुख्य अभियंता हर्ष कुमार मेश्राम ने कहा कि पॉवर कंपनीज के अध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह एवं प्रबंध संचालक (वितरण) भीम सिंह कंवर के मार्गदर्शन में जिले की बढ़ती मांग के अनुरूप नेटवर्क विस्तार जारी है। उन्होंने बताया कि धान व रबी फसलों के दौरान सिंचाई पंपों के संचालन से बिजली की मांग काफी बढ़ जाती है। ऐसे समय में यह उपकेन्द्र किसानों को स्थिर वोल्टेज और निर्बाध बिजली सुनिश्चित करेगा। इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य अभियंता (प्रोजेक्ट) बी.के. कुमरे, अधीक्षण अभियंता शंकेश्वर कंवर, कार्यपालन अभियंता मुकेश कुमार साहू, बीरबल उइके, नुरेन्द्र कुमार साहू, सहायक अभियंता दिनेश चतुर्वेदी, आर.पी. ठाकुर, सुशील कोड़ापे, श्रीमती श्वेता वर्मा सहित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी व ग्रामीण उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here