Home samachar राजगामी संपदा की बैठक में कई अहम फैसले…

राजगामी संपदा की बैठक में कई अहम फैसले…

16

रानी सूर्यमुखी देवी की प्रतिमा के लिए 11 लाख मंजूर, मटन मार्केट होगा शिफ्ट, अतिक्रमण हटाने का निर्णय

राजनांदगांव (दावा)। राजगामी संपदा की भूमि और संपत्तियों के बेहतर प्रबंधन, शहर के विकास तथा राजस्व व्यवस्था को मजबूत बनाने की दिशा में शुक्रवार को आयोजित साधारण सभा की बैठक में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक में गोलबाजार स्थित मटन मार्केट को अन्यत्र विस्थापित करने, बकाया किराया निरस्त करने, राजगामी संपदा की जमीनों से अतिक्रमण हटाने और बकायादारों से राजस्व वसूली सहित विभिन्न विकास कार्यों के प्रस्तावों पर सहमति बनी। इसके साथ ही शहर में रानी सूर्यमुखी देवी की प्रतिमा स्थापित करने के लिए 11 लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने का प्रस्ताव भी पारित किया गया।

राजगामी संपदा की साधारण सभा की बैठक अध्यक्ष श्रीमती पूर्णिमा साहू की अध्यक्षता में सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। बैठक में उपाध्यक्ष मनोज निर्वाणी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी एवं अपर कलेक्टर सी.एल. मारकण्डेय तथा राजगामी संपदा व्यवस्थापक एवं तहसीलदार प्यारेलाल नाग प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। बैठक में राजगामी संपदा की संपत्तियों से जुड़े लंबित विषयों, राजस्व वसूली, अतिक्रमण और शहर में प्रस्तावित विकास कार्यों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में शहर के गोलबाजार स्थित मटन मार्केट का विषय प्रमुखता से उठाया गया। इस पर चर्चा के बाद मार्केट का किराया रद्द करने, बकाया किराया निरस्त करने तथा वर्तमान मटन मार्केट को अन्यत्र विस्थापित करने के संबंध में निर्णय लिया गया। इस निर्णय को शहर की व्यवस्था और बाजार क्षेत्र के व्यवस्थित विकास की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। राजगामी संपदा की शहरी क्षेत्र में स्थित भूमि पर हुए अतिक्रमणों को लेकर भी बैठक में गंभीरता से विचार-विमर्श किया गया। निर्णय लिया गया कि संबंधित भूमि का सीमांकन कार्य पूर्ण कराकर अवैध कब्जाधारियों को हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही राजगामी संपदा के जिन बकायादारों द्वारा लंबे समय से किराया अथवा अन्य देय राशि जमा नहीं की गई है, उन्हें नोटिस जारी कर नियमानुसार बकाया राशि की वसूली की जाएगी। इससे संपदा की भूमि और संपत्तियों को अतिक्रमण मुक्त कराने के साथ राजस्व व्यवस्था को भी मजबूत करने की दिशा में पहल होगी। बैठक का एक महत्वपूर्ण निर्णय रानी सूर्यमुखी देवी की प्रतिमा स्थापना से संबंधित रहा। साधारण सभा में प्रतिमा स्थापित करने के लिए 11 लाख रुपये की राशि स्वीकृत किए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया। इस पहल को शहर की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत को सम्मान देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। गोलबाजार स्थित गोल ऑफिस भवन की स्थिति को बेहतर बनाने के लिए रंगरोगन एवं जीर्णोद्धार कार्य कराने का प्रस्ताव भी पारित किया गया। इसके अलावा रॉयल किड्स, वाइडनर स्कूल एवं गुजराती स्कूल की भूमि का सीमांकन कराने का निर्णय लिया गया। सीमांकन से संबंधित भूमि की वास्तविक स्थिति स्पष्ट होगी तथा भविष्य में भूमि संबंधी विवादों की संभावनाओं को कम करने में मदद मिलेगी। बैठक में राजगामी संपदा की संपत्तियों के संरक्षण, उनके समुचित उपयोग, लंबित राजस्व की वसूली और शहर के विकास से जुड़े अन्य विषयों पर भी चर्चा की गई। साधारण सभा में पारित प्रस्तावों के माध्यम से राजगामी संपदा की भूमि एवं संपत्तियों के व्यवस्थित प्रबंधन के साथ विकास और राजस्व संबंधी कार्यों को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here