Home samachar श्री जलाराम मंदिर में बापा की 227वीं जयंती पर बिखरा भक्ति का...

श्री जलाराम मंदिर में बापा की 227वीं जयंती पर बिखरा भक्ति का उल्लास, भजन-कीर्तन के बाद निकली भव्य शोभायात्रा…

15

राजनांदगांव (दावा)। युगपुरुष संत श्री जलाराम बापा की 227वीं जयंती सोमवार 16 नवंबर को पूरे हर्षोल्लास व श्रद्धा के साथ मनाई गई। इस अवसर पर गुजराती कॉलोनी, कंचन बाग स्थित श्री जलाराम मंदिर एवं कैलाश नगर स्थित श्री जलाराम मंदिर में दिन भर विभिन्न धार्मिक अनुष्ठानों का दौर चलता रहा। सुबह से ही मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, वहीं गुजराती समाज की महिलाओं द्वारा प्रस्तुत भजन-कीर्तन से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।
महापौर सहित जनप्रतिनिधियों ने नवाया शीश
संत श्री जलाराम बापा की जयंती पर महापौर मधुसूदन यादव ने भी मंदिर पहुंचकर बापा के चरणों में शीश नवाया और पूजा-अर्चना कर महाप्रसादी ग्रहण की। इस अवसर पर शहर कांग्रेस अध्यक्ष जीतू मुदलियार, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा, पूर्व पार्षद मनीष साहू, नगर निगम के कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे, सब इंजीनियर अनूप पांडे, छोटु देशमुख सहित अन्य गणमान्य नागरिकों ने भी मंदिर पहुंचकर दर्शन लाभ लिया और प्रसादी ग्रहण की।
हजारों श्रद्धालुओं ने ग्रहण की भोजन प्रसादी
मंदिर के पुजारी महेन्द्र शुक्ला ने बताया कि श्री जलाराम सेवा सत्संग समिति एवं श्री लोहाणा समाज के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस महोत्सव में भक्तों के लिए विशाल भोजन महाप्रसादी की व्यवस्था की गई थी, जिसमें हजारों की संख्या में महिला-पुरुषों व बच्चों ने प्रसादी ग्रहण की। जयंती के अवसर पर मंदिर में विराजित भगवान श्रीराम, लक्ष्मण, माता जानकी एवं हनुमान जी की प्रतिमाओं का विशेष श्रृंगार व पूजन किया गया। पुजारी श्री शुक्ला ने बापा की महिमा का बखान करते हुए कहा कि ‘राम नाम में लीन हैं, देखत सब में राम। ताके पद वंदन करूं, जय-जय जलाराम।’ धार्मिक अनुष्ठानों और महाप्रसादी के उपरांत दोपहर ३.३० बजे से शहर में श्री जलाराम बापा की धूमधाम से शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में बापा के अनुयायियों सहित बड़ी संख्या में सनातन धर्मावलंबी और समाज के लोग शामिल हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here