Home samachar सरकारी स्कूल की मर्यादा तार-तार: नशे में धुत नौवीं के छात्र-छात्राओं का...

सरकारी स्कूल की मर्यादा तार-तार: नशे में धुत नौवीं के छात्र-छात्राओं का वीडियो वायरल, 7 को थमाया गया टीसी का नोटिस…

94

कोरबा (छत्तीसगढ़)। जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोरबीधतुरा में अनुशासन और शिक्षा व्यवस्था को झकझोर देने वाला एक गंभीर मामला सामने आया है। विद्यालय में अध्ययनरत कक्षा नौवीं के छात्र-छात्राओं का नशा करते हुए दो अलग-अलग वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। मामला संज्ञान में आने के बाद स्कूल प्रबंधन और शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है।

खंडहर और सुनसान जगह को बनाया नशे का ठिकानाजानकारी के अनुसार, वायरल हुए पहले वीडियो में स्कूल की यूनिफॉर्म पहने कुछ छात्र विद्यालय परिसर के पीछे स्थित एक खंडहरनुमा स्थान पर गांजा पीते नजर आ रहे हैं। वहीं, दूसरे वीडियो में कक्षा नौवीं की दो छात्राएं एक सुनसान जगह पर सिगरेट के कश लगाती और आपस में अभद्र भाषा (गाली-गलौज) का प्रयोग करती दिखाई दे रही हैं। वीडियो में बातचीत के दौरान शराब के नशे का भी जिक्र सुनाई दे रहा है। बताया जा रहा है कि छात्राओं ने स्वयं ही यह वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड किया था, जिसे बाद में डिलीट कर दिया गया, लेकिन तब तक यह वायरल हो चुका था।

प्रबंधन की कार्रवाई: 7 विद्यार्थियों को टीसी का नोटिसविद्यालय के प्राचार्य वीरभद्र सिंह पैकरा ने वायरल वीडियो की पुष्टि की है। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्राचार्य ने तत्काल शाला प्रबंधन समिति (SMC) और संबंधित विद्यार्थियों के अभिभावकों की आपात बैठक बुलाई। अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए स्कूल प्रबंधन ने गांजा पीते नजर आए पांच छात्रों और सिगरेट पीती दिखीं दो छात्राओं समेत कुल सात विद्यार्थियों को स्थानांतरण प्रमाणपत्र (TC) जारी करने का नोटिस थमा दिया है। साथ ही पूरे घटनाक्रम की लिखित जानकारी जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को भी प्रेषित कर दी गई है।

निगरानी व्यवस्था पर उठे गंभीर सवालकम उम्र के विद्यार्थियों के इस तरह खुलेआम नशे की गिरफ्त में आने से अभिभावकों और स्थानीय नागरिकों में गहरी चिंता व्याप्त है। अभिभावकों ने इस बात पर कड़ी नाराजगी जताई है कि स्कूल समय के दौरान विद्यार्थी बिना किसी रोक-टोक के परिसर से बाहर कैसे निकल गए। स्थानीय लोगों ने विद्यालय में विद्यार्थियों की उपस्थिति और आवाजाही पर सख्त निगरानी रखने तथा बच्चों की उचित काउंसलिंग कराने की मांग की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here