नगर कीर्तन में वाहे गुरु की रही गूंज, पंज प्यारों ने जगाया सिख पंथ का अलख
राजनांदगांव (दावा)। शहर में आज सिख पंथ के संस्थापक गुरु नानक देव के प्रकाश पर्व की खुशियों में धूमधाम से भव्य नगर कीर्तन शोभायात्रा निकाली गई। शहर के सिख समाज द्वारा गुरुद्वारा चौक समीप स्थित गुरुद्वारे से निकाली गई उक्त शोभा में गुरु द्वारा अमृत चखें सिख पंज प्यारों का खड्ग ले हाथो में शौर्य देखते ही बनता था। इसी तरह सिख सिंहनिया भी हाथ में खड्ग लिए सिख पंथ का परचम लहराते शोभायमान रही। बता दें कि सिख पंथ के धर्म गुरु श्री गुरु नानक देव के 557 वीं जयंती का सिख समाज में हर्षोल्लास बना हुआ है। शहर के गुरुद्वारे में 48 घंटे का अखंड पाठ बना हुआ है वहीं रागी जत्थे द्वारा भी शबद कीर्तन व भजन कीर्तन से पूरा माहौल धर्म मय बनाए हुए है। इस दौरान प्रभात फेरी भी निकाली गई तत्पश्चात नगर कीर्तन का आयोजन किया गया।
शबद कीर्तन में वाहे, गुरु की रही गूंज
रविवार को सिख समाज द्वारा आज प्रकाश पर्व के उपलक्ष्य में शहर में निकाली गई नगर कीर्तन शोभायात्रा में बड़ी संख्या में सिख समाज के नर- नारियां की उपस्थिति रही। एक बड़े वाहन में गुरु नानक देव जी की जन्म से लेकर अंतिम तक के यात्रा के संदर्भ सचित्र वर्णन सविस्तार दिखाया गया था। वहीं एक और सजे-धजे वाहन में स-सम्मान रखे गए गुरुग्रंथ साहेब के साथ ग्रंथी साहेब के मुख से शबद वाणी की गूंज बनी रही वहीं इसके ठीक पीछे-पीछे चल रहे सिख बंधु एवं भगनिया गुरु नानक देव की शान में वाहे, गुरु के गान से माहौल को गुंजायमान कर रहे थे। इससे पूरा वातावरण गुरु के प्रति श्रद्धा और भक्ति से सराबोर बना रहा।
शोभायात्रा का हुआ जगह-जगह भव्य स्वागत
पंज प्यारों की अगुवाई में नगर कीर्तन शोभायात्रा का धूमधाम से शहर भ्रमण किया गया। इस दौरान शहर को चौक चौराहों में पंडाल व स्टाल लगाकर गुरु नानक देव के शोभायात्रियों का भव्य स्वागत किया गया। मानव मंदिर चौक में पूर्व शहर कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर छाबड़ा और वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री श्रीमती शारदा तिवारी तथा उनकी संस्था कस्तुरबा महिला मंडल द्वारा शोभायात्रा पर पुष्प वर्षा कर सम्मान किया गया। इसी तरह तिरंगा चौक में हिंदू संगठन विश्व हिन्दू परिषद, बजरंग दल, हिंदू सेना व अन्य सेवा भावी संगठनों द्वारा तथा इससे आगे अल्प संख्यक मोर्चा द्वारा जिला भाजपा अध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत, इरफान खान बिट्टू, राजा माखीजा, रोहित चंद्राकर आदि द्वारा शोभायात्रियों पर पुष्प वर्षा कर तथा स्वल्पाहार वितरण कर भव्य स्वागत सम्मान किया गया। गंज चौक में सिख समाज के लोगों ने पंडाल लगाकर शोभायात्रा का सम्मान किया गया वहीं गुरुनानक देव की जयंती प्रकाश पर्व की खुशी में लोगों में भीगे चने की प्रसादी बांटी गई। नगर कीर्तन शोभायात्रा का धूमधाम से शहर भ्रमण पश्चात गुरुद्वारा पहुंच कर समापन किया गया।




