Home छत्तीसगढ़ राजनांदगांव: शिक्षिका का अपहरण करने वाले मुख्य आरोपी अनुप चन्द्राकर दिल्ली से...

राजनांदगांव: शिक्षिका का अपहरण करने वाले मुख्य आरोपी अनुप चन्द्राकर दिल्ली से गिरफ्तार…

126
0

राजनांदगांव । डोंगरगांव पुलिस व सायबर टीम के संयुक्त अभियान के चलते डोंगरगांव क्षेत्र के ग्राम भेजराटोला से शिक्षिका का अपहरण करने वाले आरोपी अनूप चंद्राकर पिता मोहन लाल चंद्राकर उम्र 36 वर्ष निवासी भर्रेगाव को पुलिस ने दिल्ली से गिरफ्तार कर लाया है। आरोपी को राजनांदगांव पकडक़र लाए जाने उपरांत पुलिस कंट्रोल रूम में एएसपी राहूल देव शर्मा सीएसपी पुष्पेन्द्र नायक द्वारा ली गई प्रेस वार्ता में बताया गया कि शिक्षिका अपहरण के मुख्य आरोपी अनुप चन्द्राकर द्वारा उसका अपहरण कर पास के पथरी जंगल ले जाकर जबरदस्ती शादी किया। बताया गया कि आरोपी के खिलाफ पीडि़ता द्वारा पूर्व में दर्ज कराए गए अपराध को वापस लेने के लिये भी दबाव बनाया जा रहा था। पीडि़ता के नहीं मानने पर आरोपी द्वारा अपने दो सहयोगी रोशन निषाद व तामेश्वर निषाद दोनों निवासी भर्रेगाव के साथ पेट्रोल छिडक़कर आग लगाने का प्रयास किया जा रहा था। डोंगरगांव पुलिस ने पहले ही इन दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त नेक्सॉन वाहन क्रमांक सीजी-04/क्युई 5442 एवं शादी करने में प्रयुक्त चुनरी, कपड़ा, मंगलसूत्र बरामद किया था। पुलिस ने उक्त घटना के चलते आरोपियों के खिलाफ़ अपराध धारा 137(2), 138, 140(2), 140(3), 296, 115(2), 351(3), 3(5),74,124 बीएनएस के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।

स्कूल जाते समय शिक्षिका का किया था अपहरण
घटना के संदर्भ में जानकारी देते हुए बताया गया कि गत 16 मई को पीडि़ता की मां थाना डोंगरगांव में रिपोर्ट दर्ज कराई कि, उसकी बेटी रोज की तरह अपने गांव से स्कूल पढ़ाने के लिये सुबह करीब 10.30 बजे जा रही थी रास्ते में एक टाटा नेक्सॉन वाहन में आये हुये कुछ अज्ञात लोगों के द्वारा प्रार्थियां की बेटी को जबरदस्ती अपहरण कर ले गये हैं। प्रार्थियां की रिपोर्ट पर थाना डोंगरगांव में अपराध धारा 137(2) बीएनएस का पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया। घटना की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराकर क्षेत्र में नाकेबंदी की गई तथा वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देशन व मार्गदर्शन में थाना प्रभारी डोंगरगांव निरीक्षक अवनीश कुमार श्रीवास एवं सायबर सेल प्रभारी निरीक्षक विनय पम्मार के नेतृत्व में टीम गठित कर अपहृता एवं आरोपियों की पता तलाश किया जा रहा था। घटना के बाद पुलिस के बढ़ते दबाव में रात्रि में अपहृता को आरोपियों द्वारा अपहृता के परिचित के घर ग्राम अण्डा, जिला दुर्ग छोड़ा गया जिसे टीम के द्वारा जाकर बरामद किया गया। अपहृता पीडि़ता ने पुलिस को बताया कि आरोपी अनुप चन्द्राकर जबरन शादी करने के लिये एवं पूर्व में आरोपी के खिलाफ अपहृता के द्वारा दर्ज कराये गये रिपोर्ट को वापस लेने एवं अपना बयान बदलने दबाव बनाने के लिये शादी करने के लिए अन्य दो सहयोगियों के साथ अपहरण किया गया था, जिसे अपहरण करने के पश्चात पथरी के जंगल में रखकर मारपीट कर शादी करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था। पीडि़ता के नहीं मानने पर उसके ऊपर पेट्रोल डाल दिया था पुलिस के बढ़ते दबाव में आरोपी अनूप चंद्राकर ने पीडि़ता को घर छोड़ा है। प्रकरण में पूर्व में दो सहयोगी को गिरफ्तार किया गया। वहीं मुख्य आरोपी अनुप चन्द्राकर फरार हो गया था।
दिल्ली में घेराबंदी कर पकड़ा गया आरोपी
सायबर सेल व डोंगरगांव पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा पता तलाश के लिये अलग-अलग टीम बनाकर प्रयास किया जा रहा। इसी दौरान जानकारी मिले कि आरोपी अनुप चन्द्राकर ट्रेन से रेलवे स्टेशन दिल्ली पहुंचने वाला है, जिस पर थाना डोंगरगांव की टीम स्थानीय जीआरपी और साइबर सेल की सहयोग से घेराबंदी कर पकड़ा गया। आरोपी दिल्ली से गोवा भागने की फिराक में वहां से टिकट खरीदकर ट्रेन का इंतजार कर रहा था। पूछताछ करने पर जुर्म स्वीकार किया। आरोपी के पास से घटना में प्रयुक्त ओप्पो मोबाईल जिसमें पीडि़ता के साथ शादी करने का विडियो बनाया गया है। उसके पास से 3 नग सिम जप्त किया गया है। आरोपी को मंगलवार 20 मई को न्यायालय में ज्यूडिशियल रिमांड हेतु पेश किया जायेगा। बताया जाता है कि पूर्व में आरोपी अनूप चंद्राकर पर सुरगी चौकी से आबकारी एक्ट एवं प्रतिबंधात्मक धाराओं में थाना डोंगरगांव से धारा 170 बीएनएस एवं धारा 296, 115 (2), 351 (3) में कार्यवाही की जा चुकी हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here