Home छत्तीसगढ़ राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के 20 श्रम कल्याण केंद्रों का होगा उन्नयन : योगेश...

राजनांदगांव: छत्तीसगढ़ के 20 श्रम कल्याण केंद्रों का होगा उन्नयन : योगेश दत्त मिश्रा…

63
0

 

नई कल्याणकारी योजनाओं की भी घोषणा की गई
० रियायती दर पर कॉपी वितरण : मंडल में पंजीकृत मजदूर परिवार के बच्चों को रियायती दर पर कॉपियां उपलब्ध कराई जाएंगी।
० नि:शुल्क कोचिंग सहायता योजना : श्रमिक के परिजनों को नि:शुल्क कोचिंग देकर उन्हें शासकीय नौकरियों के लिए प्रशिक्षित किया जाएगा।

राजनांदगांव (दावा)। छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा ने घोषणा की है कि प्रदेशभर में संचालित 20 श्रम कल्याण केंद्रों का उन्नयन और विकास किया जाएगा। इन केंद्रों के माध्यम से अब तक हजारों श्रमिक परिवारों की महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई का प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ा गया है। हाल ही में, मिश्रा ने इन कल्याण केंद्रों का संचालन कर रहे कर्मचारियों की एक बैठक लेकर गहन समीक्षा की। उन्होंने प्रत्येक केंद्र के कर्मचारियों से व्यक्तिगत रूप से मिलकर उनकी समस्याओं को समझा और भविष्य में इन केंद्रों को बेहतर ढंग से संचालित करने की सहमति बनी।

रोजगारोन्मुखी शिक्षा पर जोर, वेतन वृद्धि की घोषणा
बैठक को संबोधित करते हुए मिश्रा ने कहा कि जिलों में संचालित ये श्रम कल्याण केंद्र एक मॉडल हैं, और इन्हें और भी उन्नत तथा विकसित किया जाएगा। उन्होंने जोर दिया कि सिलाई-कढ़ाई-बुनाई के अलावा, अन्य रोजगार मूलक शिक्षा भी प्रदान की जाएगी। जिससे अधिक से अधिक लोगों को रोजगार से जोड़ा जा सके। मिश्रा ने अपनी घोषणा में श्रम कल्याण केंद्रों का संचालन कर रही महिलाओं के वेतन वृद्धि की बात भी कही। उन्होंने कर्मचारियों को बेहतर ढंग से संचालन करने और लोगों को गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण देने का निर्देश दिया, ताकि वे अपना रोजगार स्वयं शुरू कर सकें और अपने परिवार की आय बढ़ाने में सक्षम हों। बैठक की शुरुआत में श्रम कल्याण केंद्रों की प्रभारी श्रीमती मोनिका मिश्रा ने मंडल अध्यक्ष का उपस्थित कर्मचारियों से परिचय कराया। मंडल के कमिश्नर अजितेश पाण्डेय और अन्य मंडल कर्मचारी भी इस दौरान उपस्थित थे।

मंडल की बैठक में नई योजनाओं की घोषणा
छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा के कार्यकाल की संचालक मंडल की पहली बैठक पिछले दिनों सायाजी होटल में संपन्न हुई। इस बैठक में मजदूर हितों के अनेक क्रांतिकारी फैसले लिए गए और कई नई योजनाओं के क्रियान्वयन की भी घोषणा की गई।
वित्तीय अनुमोदन और नए पदों का सृजन
मंडल की बैठक में वित्तीय वर्ष 2023-24 और 2024-25 में छत्तीसगढ़ श्रम कल्याण मंडल के क्रियाकलापों और प्रशासनिक कार्यों पर हुए आय-व्यय का अनुमोदन किया गया। साथ ही वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए अनुमानित आय-व्यय का भी अनुमोदन प्राप्त किया गया। मंडल द्वारा संचालित श्रमिक कल्याणकारी योजनाओं के सुचारु संचालन के लिए 12 नए पदों के सृजन हेतु शासन से अनुमति मांगी गई। कर्मचारियों के वेतन में भी वृद्धि का निर्णय लिया गया। इसके अतिरिक्त, मंडल को प्राप्त होने वाली आय के अभिदाय दर में वृद्धि का प्रस्ताव भी पारित किया गया।
पंजीकरण प्रक्रिया को सरल बनाने का निर्णय
मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा ने मंडल की आय बढ़ाने और श्रमिकों का पंजीकरण बढ़ाने के लिए क्रांतिकारी फैसले की जरूरत पर बल दिया। उन्होंने कहा कि जिस तरह से असंगठित क्षेत्र के बोर्ड में श्रमिकों का पंजीकरण खुला हुआ है, उसी तरह से श्रम कल्याण मंडल में भी मजदूरों के पंजीकरण की प्रक्रिया को ओपन किया जाए। संचालक मंडल के सदस्यों ने इस पर विचार-विमर्श किया और अंतत: यह निर्णय लिया गया कि अब मजदूरों को मंडल में सीधे पंजीकरण देने की व्यवस्था की जाए। इस हेतु प्रस्ताव भी पारित किया गया।

सस्ते भोजन केंद्रों को बंद करने का प्रस्ताव
मंडल के अध्यक्ष योगेश दत्त मिश्रा ने श्रम कल्याण मंडल द्वारा संचालित सस्ते दर पर भोजन केंद्रों को अव्यावहारिक बताया गया। उन्होंने कहा कि श्रम कानूनों के तहत इन भोजन केंद्रों का संचालन नियोजकों को किया जाना है, किंतु इसका संचालन श्रम कल्याण मंडल कर रहा है, जो न केवल अव्यावहारिक है बल्कि गैरकानूनी भी है। इसमें मंडल की कल्याणकारी योजनाओं का एक बड़ा हिस्सा भोजन मद में व्यय हो रहा है, जिससे अन्य कल्याणकारी योजनाओं के संचालन में रुकावटें आ रही हैं। अत: मंडल ने इस संदर्भ में प्रस्ताव पारित कर राज्य शासन से आग्रह किया है कि यह योजना असंगठित क्षेत्र में कार्यरत श्रमिकों के लिए ही उपयोगी है और श्रम कल्याण मंडल में इस योजना का संचालन करना अब संभव नहीं है। मंडल ने इस योजना को बंद करने की अनुमति मांगी है।
बैठक में मंडल के उपाध्यक्ष केशव बंटी हरमुख, अपर श्रमायुक्त सह प्रभारी श्रमायुक्त एस.एल. जांगड़े, मंडल के सदस्य मंगलमूर्ति अग्रवाल, आलोक मिश्रा, हरप्रसाद साहू, मदन तालेड़ा, नरेश गढ़पाल, कृष्णा दुबे, सुरेश मसीह समेत मंडल कर्मचारी शैलेंद्र तिवारी, विजय कुमार तंबोली, श्रीमती मोनिका मिश्रा, विवेक दूबे, किशरोद राउत, शिव कुमार सेन, शेष पटेल, ओमप्रकाश तारक उपस्थित थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here