जमा पानी पुल के लिए बन रहा है खतरा
डोंगरगांव (दावा)। राजनांदगांव-डोंगरगांव स्टेट हाईवे क्रमांक एसएच-24 को जोडऩे वाली महत्वपूर्ण कड़ी बगदई पुल में अब भी पानी का जमाव हो रहा है, जो राहगीरों और स्कूली बच्चों के लिए खतरा तो है, साथ ही पुल भी क्षतिग्रस्त कर रहा है।
बता दें कि विगत कुुछ दिनों पूर्व खबर प्रकाशित की गई थी। जिसमें इस बात को प्रमुखता से उठाया गया था कि पुल की निरंतर सफाई जिम्मेदार विभाग के द्वारा नहीं कराई जाती। जिसके कारण पुल में पानी का भराव हो रहा है और सडक़ पूरी तरह उखड़ चुका है और पुलों में बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जो इस रास्ते से गुजरने वाले राहगीरों और विद्यार्थियों के लिए हमेशा खतरा बना रहता है। हालांकि खबर के प्रकाशन के बाद पीडबल्यूडी के कर्मचारियों के लिए पुल में पानी निकासी के लिए बने गड्ढों को खोलने का प्रपंच जरूर किया गया था, किन्तु आस-पास की मिट्टी को साफ नहीं किया गया है और अब पुल काफी बुरी स्थिति में है। पिछले दो दिनों से लगातार बारिश के चलते बगदई पुल में पुन: पानी का जमाव हो रहा है और मौसम विभाग द्वारा आगे लगातार भारी बारिश की चेतावनी दी जा रही है। ऐसे में पुल में यदि अधिक मात्रा में पानी का भराव होगा तो पुल क्षतिगस्त होने का खतरा बढ़ जाएगा। साथ ही इससे बनने वाले गड्ढे यात्रियों और स्कूली विद्यार्थियों के लिए एक बड़ा खतरा बन सकता है। इस रास्ते से अनेक यात्री बस, निजी वाहन, मालवाहक, स्कूली बच्चे, कामकाजी महिला-पुरूषों का रोजना आना जाना लगा रहता है। वर्तमान में बगदई पुल में पानी का जमाव हो रहा है, जिसे निकालना और जमी मिट्टी को अच्छी तरह से साफ करने की आवश्यकता है। इसी प्रकार रतनभाट-करमरी रोड में पडऩे वाले पुल में भी भारी मात्रा में जल भराव हो रहा है। इस पुल को बने अभी ज्यादा समय नहीं हुआ है और पुल की हालत खराब हो चली है। पुल में निकासी बंद है, जगह-जगह से पुल में लगा डामर उखड़ गया है। जिससे बड़े गड्ढे बन गए हैं। पुल में बने इन गड्ढों के कारण दो बड़े वाहन नहीं निकल पाते है। साथ ही वहां से आना जाना करने वाले ग्रामीण अनेक बाद सडक़ दुर्घटना के शिकार हो गए हैं। जिसे ठीक किया जाना अति आवश्यक है।



