Home छत्तीसगढ़ फर्जी राशन कार्ड बनाने वाले अनेक ऑनलाइन… सेंटर के संचालकों पर होगी...

फर्जी राशन कार्ड बनाने वाले अनेक ऑनलाइन… सेंटर के संचालकों पर होगी एफ आई आर

117
0

जनपद के वरिष्ठ पदाधिकारियों का संरक्षण प्राप्त कर हजारों रुपए रिश्वत लेकर बनाए जा रहे थे फर्जी राशन कार्ड
पूर्व जनपद सीईओ सातपुते के डिजिटल हस्ताक्षर से बनाए जा रहे हैं फर्जी राशन कार्ड
फर्जी राशन कार्ड बनाने वाले दोषियों पर की जाएगी कार्रवाई – सीईओ भगवती साहू

डोंगरगढ़। डोंगरगढ़ जनपद पंचायत डोंगरगढ़ के अंतर्गत आने वाले अनेक ऑनलाइन सेंटरो से फर्जी राशन कार्ड बनाने का मामला प्रकाश में आया है। जनपद के वरिष्ठ पदाधिकारी व जनपद सदस्यों के संरक्षण में चल रहे राशन कार्ड बनाने के गोरख धंधे पर उस समय ब्रेक लगा जब पूर्व जनपद सीईओ सातपुते के डिजिटल हस्ताक्षर से ग्राम मेंढ़ा के ग्रामीण के पास से राशन कार्ड बरामद किया गया। जनपद पंचायत सीईओ भगवती साहू के नेतृत्व में प्रभारी माखन चंद्रवंशी द्वारा संदिग्ध पाए गए जनपद के ऑपरेटर व ऑनलाइन सेंटर के अनेक संचालको से बारीकी के साथ पूछ ताछ चालू कर दी गई है।जिसमें और भी चौंकाने वाले तथ्य सामने आने की संभावना बनी हुई है। जनपद पंचायत के पदाधिकारियों एवं जनपद सदस्यों द्वारा ऑनलाइन सेंटर के माध्यम से अवैध राशन कार्ड के बदले प्रत्येक ग्रामीणों से तीन से पांच हजार रुपए के बीच राशि लेकर सैकड़ो अवैध राशन कार्ड बनाए जाने की संभावना व्यक्त की जा रही है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार पूर्व जनपद अध्यक्ष व विधायक प्रतिनिधि भावेश सिंह द्वारा जिला पंचायत सीईओ के संज्ञान में मामले को लाकर दोषियों पर त्वरित कार्रवाई का निवेदन किया गया था। जिला पंचायत सीईओ के निर्देश पर जनपद पंचायत सीईओ भगवती साहू द्वारा तत्काल प्रभाव से जांच प्रारंभ कर दी गई है। इसके अलावा पूर्व जनपद सदस्य रवि अग्रवाल द्वारा भी जनपद सीईओ से मांग की गई है कि, सभी का राशन कार्ड निशुल्क बनाने की व्यवस्था की जाए और गरीबों को लूटने वालों पर विधि सम्मत कार्रवाई हो। राशन कार्ड विभाग के प्रभारी माखन चंद्रवंशी ने चर्चा के दौरान स्वीकार किया कि फर्जी राशन कार्ड बनाने के अनेक सबूत मिले हैं। जिसकी जांच की जा रही है। विकासखंड में जितने भी राशन कार्ड संचालित है,भविष्य में सभी का सत्यापन कराने की योजना पर कार्य किया जाएगा।
फर्जी राशन कार्ड बनाने वाले दोषियों पर की जाएगी कार्रवाई – सीईओ भगवती साहू
जनपद पंचायत डोंगरगढ़ की सीईओ भगवती साहू द्वारा कहा गया है कि अवैध तरीके से ऑनलाइन सेंटर के माध्यम से फर्जी राशन कार्ड बनाने की जानकारी प्राप्त हुई है।जिसकी जांच की जा रही है। जांच उपरांत दोषियों के विरुद्ध विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here