एसपी अंकिता शर्मा के निर्देश पर सुरक्षा का ‘मास्टर प्लान’ तैयार; सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से होगी पिकनिक स्पॉट की निगरानी
राजनांदगांव (दावा)। बीते साल 2025 को बिदाई देने शहर सहित पूरे अंचल भर में थर्टी फस्र्ट की धूम बनी रहेगी। वहीं नए साल 2026 का स्वागत भी धूमधाम के साथ किया जाएगा। खासकर युवा इस दौरान रात में देर रात तक जागकर डीजे की धुन में नाचेंगे-झूमेंगे और जश्न मनाएंगे, अपने दोस्तों के बीच पार्टी करेंगे, हो-हल्ला किया जाएगा, लेकिन जैसे ही घड़ी की सुई रात में 12 बजे को टच करेगी नए साल 2026 का जश्न शुरू हो जाएगा। दनादन फटाके फूटने लगेंगे और नववर्ष की खुशी में आकाश को चकाचौंध कर देने वाली आतिश बाजिया होने लगेगी। लोग नए साल की मस्ती में डूब जाएंगे।
मस्ती के बीच हादसा न हो जाए
नए साल के जश्न के बीच कोई अति उत्साही या असामाजिक प्रवृत्ति के लोग ऐसी-ऐसी हरकत न कर दे जिससे अप्रिय स्थिति निर्मित हो जाए। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन ने पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश एवं मार्गदर्शन में चाक-चौबंद व्यवस्था की है।
जिला पुलिस ने की व्यापक तैयारियां
बता दें कि जिला पुलिस द्वारा नये साल 2026 के स्वागत को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई है। इसके तहत एसपी सुश्री शर्मा के निर्देशन में जिले को विभिन्न सेक्टरों में विभाजित कर प्रत्येक सेक्टर का प्रभार राजपत्रित अधिकारियो को सौंपा गया है। नववर्ष उत्सव के दौरान कही कोई अप्रिय स्थिति न हो इसके लिए विशेष इंतजाम किए गए है। नव वर्ष की पूर्व संध्या और नववर्ष के दिन हुड़दंगियों और अतिउत्साही लोगों पर नजर रखने जहां शहर के चप्पे-चप्पे पर 600 जवानों की तैनाती की गई है। वहीं बाग-बगीचे, पिकनिक स्पॉट आदि जगहों पर निगरानी रखने के लिए ड्रोन उड़ाया जाएगा। जिसके कैमरे में अतिवादी तत्वों व अप्रिय हरकत करने वालों पर नजर रखी जाएगी।
नव वर्ष पूर्व ही धर लिये गए असामाजिक तत्व
बताते चलें कि नववर्ष को शांति पूर्ण एवं सुरक्षित मनाने के लिए पुलिस द्वारा छेड़े गए अभियान में शहर व ग्रामीण क्षेत्रों के 36 सक्रिय गुंड़े-बदमाशों, निगरानीशुदा बदमाशों और असामाजिक तत्वों को पहले से ही धर दबोच लिए गए हैं और उनके खिलाफ धारा 170 /126 तथा 135 (3) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई कर उन्हें न्यायालय में पेश किया गया।
600 पुलिस अधिकारी कर्मचारियों की ड्यूटी
जिला पुलिस अधीक्षक सुश्री शर्मा ने स्पष्ट कहा दिया है कि नए वर्ष के दौरान जिले में कानून व्यवस्था की कोई भी समस्या बरदास्त नहीं की जाएगी। सुश्री शर्मा ने इस तरह की समस्यायों से बचने के लिए कुल 9 राजपत्रित अधिकारी, 20 निरीक्षक और 600 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई है। पुलिस का यह व्यापक अभियान और इंतजाम जिले में नववर्ष के उत्सव को सुरक्षित और शांतिपूर्ण बनाने के लिए किया गया है। एसपी सुश्री शर्मा द्वारा जीरो टालरेंस की नीति अपनाते हुए कानून तोडऩे वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई करने कमर कस लिया है। बीते वर्ष को बिदाई देने तथा नववर्ष का स्वागत करने के लिए बनने वाले उत्सवी माहौल में किसी प्रकार अप्रिय स्थिति निर्मित न होने पाएं इसलिए पुलिस प्रशासन द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि कानून का ध्यान रखते हुए यातायात एवं अन्य नियम का पालन करें। यातायात नियमों की उल्लंघन पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को देने का कष्ट करें।
ढ़ाबा संचालकों को दिया गया निर्देश
बता दें कि नववर्ष पर जिले में कानून और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए एसपी सुश्री शर्मा के निर्देशन में जन संवाद कक्ष में होटल, ढाबा, रेस्टोरेंट, लाज और रिस्टार्ट संचालकों की एक विशेष बैठक लिया गया और उन्हें निर्देश दिया गया कि अपने इन संस्थानों में पर्याप्त पार्किंग और उचित प्रकाश व्यवस्था सहित सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करें। अपने संस्थानों में सीसीटीवी कैमरा अवश्य लगाएं और उसे चालू रखें। साउंड सिस्टम केवल निश्चित मानक के अनुसार उपयोग करें। रात्रि में निर्धारित समय सीमा के बाद संस्थान बंद करें तथा नाबालिग जोड़ों को किसी भी हाल पर कमरा उपलब्ध न कराएं।



