कन्हारपुरी में लाखों का धान जलाकर अज्ञात आरोपी फरार, मानपुर में 95 वर्षीय बुजुर्ग की जलने से मौत, जांच में जुटी पुलिस
राजनांदगांव (दावा)। राजनांदगांव और नवगठित खैरागढ़ जिले में आगजनी की दो बड़ी घटनाओं ने सनसनी फैला दी है। एक ओर जहां राजनांदगांव के समीप कन्हारपुरी में अज्ञात तत्वों ने किसान की मेहनत पर पानी फेरते हुए 100 कट्टा धान आग के हवाले कर दिया। वहीं गंडई-पंडरिया क्षेत्र के मानपुर में एक बुजुर्ग का जला हुआ शव मिलने से हडक़ंप मच गया है।
खेत में मिली 95 वर्षीय बुजुर्ग की लाश
खैरागढ़ जिले के गंडई-पंडरिया अंतर्गत ग्राम मानपुर में मुख्य मार्ग से लगे एक खेत में ग्रामीणों ने पैरा (धान का अवशेष) के ढेर में आग की लपटें उठती देखीं। पास जाकर देखने पर वहां एक व्यक्ति का शव जलता हुआ पाया गया। सूचना मिलने पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान दूज राम वर्मा (95 वर्ष), पिता घसिया वर्मा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग की मानसिक स्थिति पिछले कुछ वर्षों से ठीक नहीं थी। पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने में लगी है कि बुजुर्ग दुर्घटनावश आग की चपेट में आए या किसी ने साजिश के तहत उन्हें आग में झोंक दिया।
कन्हारपुरी में 100 कट्टा धान स्वाहा, किसान को लाखों का नुकसान
बसंतपुर थाना क्षेत्र के कन्हारपुरी सरहद पर एक किसान को भारी आर्थिक क्षति पहुंची है। किसान ने हार्वेस्टर से कटाई के बाद लगभग 100 कट्टा धान बोरी में भरकर खेत में ही रखा था। बीती रात अज्ञात आरोपियों ने धान के बोरों के ऊपर पैरा डालकर आग लगा दी। सुबह तक पूरा धान जलकर राख हो चुका था। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि आरोपी संभवत: धान चोरी करने की नियत से आए थे, लेकिन सफल न होने पर बदले की भावना से आगजनी की वारदात को अंजाम दिया। बसंतपुर पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। दोनों ही मामलों में पुलिस ने संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। गंडई पुलिस जहां बुजुर्ग की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम रिपोर्ट और चश्मदीदों का इंतजार कर रही है। वहीं बसंतपुर पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और संदिग्धों से पूछताछ कर धान जलाने वाले आरोपियों की तलाश कर रही है।


