राजनांदगांव (दावा)। ग्राम सिंघोला स्थित महाकाल मंदिर में नववर्ष के प्रथम दिन श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। 1 जनवरी को प्रदोष व्रत और गुरुवार का विशेष संयोग होने के कारण सुबह से ही मंदिर में शिवभक्तों का सैलाब उमड़ पड़ा। ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा परिसर गुंजायमान रहा। प्रदोष पर्व के अवसर पर भगवान महाकाल का दिव्य अभिषेक कर विशेष श्रृंगार किया गया। मंदिर समिति द्वारा बाबा को विशेष भोग भी अर्पित किया गया। शुभ संयोग को देखते हुए श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखा और दर्शन-पूजन के लिए लंबी कतारें लगी रहीं। महाकाल भक्त पवन डागा ने इस अवसर पर मत्था टेकते हुए देश, प्रदेश और नगर की सुख-समृद्धि एवं शांति की मंगल कामना की।
इस धार्मिक उत्सव में उस वक्त चार चांद लग गए जब अहमदाबाद (गुजरात) के सुप्रसिद्ध भजन सम्राट व श्याम प्रेमी राजवर्धन सुथार ने मंदिर पहुंचकर दर्शन किए। उन्होंने भगवान महाकाल के चरणों में स्वरंजलि अर्पित करते हुए मधुर भजनों की प्रस्तुति दी। जिससे भक्त भाव-विभोर हो उठे। उनके आगमन से श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह देखा गया। महाकाल मंदिर समिति ने बढ़ती भीड़ को देखते हुए सुरक्षा, स्वच्छता और दर्शन के लिए विशेष इंतजाम किए थे। समिति के पदाधिकारियों ने कहा कि वे भविष्य में भी ऐसे आयोजनों को भव्य स्वरूप देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस अवसर पर मीडिया प्रभारी लक्ष्मण लोहिया ने कहा कि धार्मिक आयोजनों से समाज में आस्था, अनुशासन और आपसी सौहार्द बढ़ता है, जिससे एक सकारात्मक वातावरण निर्मित होता है।



