एसपी अंकिता शर्मा के नेतृत्व में 40 जवानों की टीम ने घेरा पूरा इलाका, अवैध शराब परोसने वालों में मचा हडक़ंप
राजनांदगांव (दावा)। सोमनी थाना अंतर्गत पर्यटन क्षेत्र मनगटा में गुरुवार को पुलिस ने बड़ी दबिश दी। कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ करने और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए एक साथ 49 रिसॉर्ट्स पर छापेमारी की गई। इस औचक कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हडक़ंप मच गया। कार्रवाई के दौरान आधा दर्जन रिसॉर्ट्स में नियमों की धज्जियां उड़ती पाई गईं, जिन पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की है।
० इन नामी रिसॉर्ट्स पर आबकारी एक्ट के तहत कार्रवाई
पुलिस की सघन जांच में पाया गया कि कई रिसॉर्ट्स में नियमों के विरुद्ध अवैध रूप से शराब सेवन की सुविधा उपलब्ध कराई जा रही थी। पुलिस ने मौके पर साक्ष्य जुटाते हुए निम्नलिखित रिसॉर्ट्स के संचालकों और प्रबंधकों पर आबकारी अधिनियम की धारा 36 (सी) के तहत मामला दर्ज किया है। जिसमें रॉक हाउस रिसॉर्ट, वनांचल रिसॉर्ट, स्काय रिसॉर्ट, डी कास्टल रिसॉर्ट, विसलिंग वुड्स रिसॉर्ट आदि है।
40 जवानों की घेराबंदी, चप्पे-चप्पे की तलाशी
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के निर्देश पर एएसपी कीर्तन राठौर और सीएसपी अलेक्जेंडर किरो के नेतृत्व में 40 पुलिस अधिकारियों व कर्मचारियों की अलग-अलग टीमें बनाई गई थीं। इन टीमों ने रणनीतिक रूप से एक ही समय पर सभी रिसॉर्ट्स में प्रवेश किया। जिससे संचालकों को संभलने का मौका नहीं मिला। इसके अलावा वन चेतना केंद्र के पास सार्वजनिक स्थान पर शराब पीते पाए गए एक युवक पर भी धारा 36(च) के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस ने केवल चालानी कार्रवाई ही नहीं की, बल्कि सभी रिसॉर्ट संचालकों को विधिवत नोटिस जारी किया है। इसमें उन्हें भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के कड़े नियमों का पालन करने की अंतिम चेतावनी दी गई है। पुलिस ने साफ किया है कि यदि दोबारा उल्लंघन पाया गया तो रिसॉर्ट को सील करने और संचालकों की गिरफ्तारी जैसी कठोर कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान जिला पुलिस प्रशासन द्वारा चेतावनी देते हुए कहा कि सार्वजनिक शांति सुनिश्चित करना हमारी प्राथमिकता है। अवैध गतिविधियों और नशे को बढ़ावा देने वाले संस्थानों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।



