राजनांदगांव (दावा)। नगर पालिक निगम द्वारा ग्रीष्म ऋतु के आगमन से पूर्व शहर की पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने की कवायद शुरू कर दी गई है। महापौर मधुसूदन यादव के निर्देशानुसार मोहारा जल संयंत्रगृह के फिल्टर प्लांटों और सम्पवेल की सफाई का कार्य किया जा रहा है। इसी कड़ी में आज शनिवार 31 जनवरी को 17 एमएलडी फिल्टर प्लांट की सफाई की जाएगी। जिसके कारण शहर के कई प्रमुख वार्डों में शाम की पेयजल सप्लाई बाधित रहेगी। निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने बताया कि सफाई कार्य के चलते शनिवार शाम को निम्नलिखित उच्च स्तरीय जलागारों (टंकियों) से जल प्रदाय नहीं होगा। जिसमें इंदिरा नगर (हॉस्पिटल परिसर) टंकी, तुलसीपुर टंकी, न्यू सिविल लाइन टंकी, आर.के. नगर टंकी, यातायात नगर टंकी एवं नवागांव टंकी आदि क्षेत्र है।
प्रभावित होने वाले क्षेत्र
हॉस्पिटल परिसर टंकी : बसंतपुर, क्लब चौक, तेलीपारा, ग्रीन सिटी, राजीव नगर, बंगालीचाल, भोईपारा, शिवनगर, आर.के. नगर टंकी: अनुपम नगर, सहदेव नगर, कौरिनभाठा, सर्किट हाउस, हाउसिंग बोर्ड, बर्फानी आश्रम, महेश नगर, गोकुल नगर, गांधीनगर, तुलसीपुर एवं सिविल लाइन: ममता नगर, शक्तिनगर, वर्धमान कॉलोनी, पूनम कॉलोनी, बख्तावर चाल, साधुचाल, पुराना पुलिस लाइन, मिलचाल एवं यातायात नगर एवं नवागांव: रेवाडीह, पेण्ड्री, ईस्कॉन विहार, मेडिकल कॉलेज, नवागांव, बापूटोला, बीड़ी श्रमिक कॉलोनी, मोतीपुर और रामनगर का आधा क्षेत्र प्रभावित रहेगी। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सफाई का कार्य शनिवार को ही पूर्ण कर लिया जाएगा। इसके पश्चात रविवार 1 फरवरी की सुबह से सभी प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल की आपूर्ति निर्धारित समयानुसार यथावत शुरू हो जाएगी। नगर निगम ने नागरिकों से असुविधा के लिए खेद व्यक्त करते हुए अपील की है कि वे अपनी आवश्यकतानुसार पानी का भंडारण पहले से कर लें और इस आवश्यक सफाई कार्य में निगम प्रशासन का सहयोग करें।



