रेल मदद पर मिली शिकायत के बाद राजनांदगांव स्टेशन पर दी गई दबिश; चारों के खिलाफ रेलवे एक्ट के तहत मामला दर्ज
राजनांदगांव (दावा)। ट्रेनों में यात्रियों से जबरन पैसा वसूल कर उन्हें परेशान करने वाले गिरोहों के खिलाफ रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) ने सख्ती शुरू कर दी है। गुरुवार को आरपीएफ ने निरीक्षक तरुणा साहू के नेतृत्व में बिलासपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस में यात्रियों से बदसलूकी और वसूली कर रहे चार किन्नरों को धर दबोचा। आरपीएफ निरीक्षक तरुणा साहू ने बताया कि 29 जनवरी को रेल मदद के माध्यम से रोमेश कुमार नामक यात्री ने शिकायत दर्ज कराई थी। यात्री अपने परिवार के साथ गोंदिया से रायपुर की यात्रा कर रहे थे। उन्होंने सूचना दी कि गाड़ी संख्या 22816 (बिलासपुर सुपरफास्ट एक्सप्रेस) के जनरल कोच में कुछ किन्नर यात्रियों को डरा-धमका कर जबरन वसूली कर रहे हैं।
० प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर बिछाया जाल
शिकायत मिलते ही आरपीएफ राजनांदगांव की टीम अलर्ट हो गई। जैसे ही ट्रेन राजनांदगांव स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 1 पर पहुंची, उप निरीक्षक के. प्रसाद एवं स्टाफ ने चिन्हित कोच की घेराबंदी की। कोच के भीतर अवैध रूप से वसूली कर रहे चार किन्नरों को रंगे हाथों पकड़ा गया और ट्रेन से उतारकर आरपीएफ पोस्ट लाया गया। पकड़े गए आरोपियों में मधु किन्नर (गुरु सोनाली) उम्र 27 वर्ष, सोनाली किन्नर (पति अजय बैरागी) उम्र 42 वर्ष, काजल किन्नर (गुरु सोनाली) उम्र 35 वर्ष, ढिल्लू किन्नर (गुरु सोनाली) उम्र 27 वर्ष आदि सभी निवासी साईं नगर, उरला, जिला दुर्ग के रहने वाले है।
रेलवे अधिनियम के तहत कार्रवाई
जांच के दौरान चारों किन्नर बिना टिकट पाए गए, जिस पर ड्यूटी टीटी के माध्यम से उनका बिना टिकट चालान काटा गया। इसके अतिरिक्त, यात्रियों को परेशान करने और अवैध वसूली के अपराध में उनके विरुद्ध रेलवे अधिनियम की धारा 145(क्च) के तहत मामला पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही की गई। निरीक्षक तरुणा साहू ने रेल यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान यदि कोई भी व्यक्ति अवैध वसूली, डराने-धमकाने या सुरक्षा संबंधी समस्या पैदा करता है, तो तुरंत रेल मदद हेल्पलाइन नंबर 139 या ऐप के माध्यम से सूचना दें, ताकि तत्काल कार्रवाई की जा सके।



