राजनांदगांव (दावा)। शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक शातिर ठग को कोतवाली पुलिस ने गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। आरोपी ने प्रार्थी को एक साल में रकम दोगुनी करने का लालच देकर 15 लाख रुपये ऐंठ लिए थे और फरार हो गया था।
लालच देकर खाते में ट्रांसफर कराए पैसे
कोतवाली थाना प्रभारी नंदकिशोर गौतम ने बताया कि प्रार्थी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि प्रकाश सिन्हा उम्र 32 वर्ष निवासी अमलेश्वर (रायपुर), ने उसे शेयर मार्केट में निवेश का झांसा दिया था। आरोपी ने दावा किया था कि वह एक वर्ष के भीतर निवेश की गई राशि को दोगुना कर देगा। प्रार्थी उसके झांसे में आ गया और अलग-अलग किस्तों में कुल 15 लाख रुपये प्रकाश सिन्हा के बैंक खाते में ट्रांसफर कर दिए। रकम मिलने के बाद आरोपी ने प्रार्थी का फोन उठाना बंद कर दिया और गायब हो गया। पुलिस की टीम आरोपी की लोकेशन ट्रैक कर रही थी, लेकिन वह बेहद शातिर निकला। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी लगातार बेंगलुरु, रायपुर, बिलासपुर और जांजगीर में अपने ठिकाने बदल रहा था।
जांजगीर-चांपा में पुलिस ने दी दबिश
पुलिस अधीक्षक सुश्री अंकिता शर्मा के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी का पीछा जारी रखा। जैसे ही सूचना मिली कि आरोपी जांजगीर-चांपा के मुलमुला में छिपा है, तत्काल टीम रवाना की गई और घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने धोखाधड़ी की बात स्वीकार कर ली है। पुलिस ने उसके पास से एचडीएफसी बैंक का एक चेक भी जब्त किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी नंदकिशोर गौतम, प्रधान आरक्षक शंभूनाथ द्विवेदी, आरक्षक प्रयांश सिंह, पुराण वर्मा और महिला आरक्षक माहेश्वरी कुर्रे का विशेष योगदान रहा।



