13 महत्वपूर्ण विषयों पर होगी चर्चा,
विपक्षी दल ने जनहित के मुद्दों को लेकर साधा निशाना
राजनांदगांव (दावा)। आज 9 फरवरी सोमवार को नगर पालिक निगम में सामान्य सभा का आयोजन किया गया। बहुत दिनों बाद आज सुबह 11 बजे से नगर निगम में आयोजित समान्य सभा मे चर्चा के लिए महत्वपूर्ण 13 विषय रखें गए है वहीं शहर के चौक-चौराहे, उद्यान व मार्गों के नाम करण संबधी प्रस्तावों पर चर्चा किए जाएंगे। नगर निगम सभापति टोपेंद्र सिंह पारस वर्मा ने बताया कि बैठक के प्रारंभ में लोकसेवा केंद्र से प्राप्त सामाजिक सुरक्षा पेंशन से संभू आवेदनों की स्वीकृति एवं अनुमोदन पर विचार किया जाएगा। बता दें कि 7 फरवरी गुरुवार को महापौर मधुसूदन यादव एवं निगम सभापति पारस वर्मा की उपस्थिति में निगम के महापौर कक्ष में उक्त सामान्य सभा के लिए एमआईसी मेंबरों की महत्वपूर्ण बैठक की गई। जिसमें उपरोक्त विषयों के सदन पटल पर आने पर पक्ष एवं विपक्ष के सदस्यों के आने वाले समर्थन व विरोध के विचार के संबंध में रणनीति भी बनाई गई।
चौक, उद्यानों, मार्गों के नामकरण पर चर्चा
नगर निगम की सामान्य सभा में आज शहर के पुष्प वाटिका का नाम अ.भा. गायत्री परिवार के संस्थापक वेद मूर्ति तपोनिष्ठ पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के नाम पर, डोंगरगांव रोड़ स्थित प्रजापति ब्रह्मकुमारी प्रवेश द्वार चौक का नाम ब्रह्माकुमारी चौक, केशर नगर चौक का नाम कालीबाड़ी चौक, महामाया बसंतपुर चौराहे का नाम संत शिरोमणि सेन महराज चौक, कौरिनभांठा चौराहे का नाम चित्रांश चौक तथा सिंधी कॉलोनी वार्ड क्रमांक 23 में संत कंवरराम चौराहे से बूढ़ासागर के झूलेलाल घाट तक जाने वाले मार्ग का नाम बाबा आसूदा राम मार्ग, हेमू कालाणी चौक के पास स्थित बगीचे का नाम शादाणी उद्यान व बसंतपुर से आगे फरहद चौक का नाम शहीद वीर नारायण सिंह चौक रखें जाने का प्रस्ताव शामिल है। जिस पर चर्चा की जाएगी।
गंज चौक से कन्हारपुरी तक सडक़ चौड़ीकरण
निगम की आज की सामान्य सभा में मुख्यमंत्री नगरोत्थान योजना के अंतर्गत पुराना गंज चौक से लखोली नाका, लखोली व कन्हारपुरी तक जाने वाली सडक़ चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्य के लिए 1439.90 लाख रुपए, आडिटोरियम निर्माण के लिए 1592.06 लाख रुपए, ट्रांसपोर्ट नगर में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए 490.04 लाख रुपए, जल प्रदाय योजना के तहत राइजिंग पाइप लाइन विस्तार कार्य तथा संपत्ति कर युक्तियुक्तकरण (प्रापर्टी टैक्स रिफार्म) से संबंधित प्रस्तावो पर चर्चा कर निर्णय लिया जाएगा।
जाति प्रमाण पत्र, बाल विवाह मुक्त अभियान आदि पर होगी चर्चा
नगर निगम सभापति पारस वर्मा ने बताया कि आज की सामान्य सभा में जाति प्रमाण पत्र निर्माण, बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान के अंतर्गत निगम क्षेत्र को बाल विवाह मुक्त घोषित किए जाने की स्वीकृति पर विचार, स्वास्थ्य विभाग के फील्ड कर्मचारियों (वार्ड प्रभारी सफाई दरोगा, स्वास्थ्य निरीक्षक) को प्रतिमाह 1000 रुपए पेट्रोल भत्ता प्रदान करने, सेवानिवृत्त कर्मचारी संघ को गतिविधि संचालन के लिए 50 हजार रूपए की सहायता राशि स्वीकृत करने एवं विभिन्न व्यावसायिक परिसरों की दुकानों की नीलामी में प्राप्त उच्चतम बोली को अनुमोदन प्रदान करने का प्रस्ताव भी बैठक में रखा जाएगा।
फार्मेल्टी निभाने आयोजित सामान्य सभा-पिल्ले
इधर नगर निगम नेताप्रतिपक्ष संतोष पिल्ले ने एक साल बाद निगम में आयोजित होने वाली सामान्य सभा में आने वाले विषयों को केवल खानापूर्ति वाला बताया। उन्होंने कहा कि इसमें जनहित का मुद्दा खोजने से भी दिखाई नहीं दे रहा। सडक़, बिजली, पानी, स्वास्थ्य संबंधी मूलभूत मुद्दे गायब है। उन्होंने कहा कि उनके नेतृत्व में विपक्षी दल द्वारा सामान्य सभा के लिए तीन-तीन बार आवाज उठाए जाने उपरांंत सत्तापक्ष द्वारा ले-देकर सामान्य सभा कराई जा रही है। जिसमें भी जनता से जुड़े मुद्दे गायब है। बहरहाल आज 9 फरवरी को निगम में आयोजित सामान्य सभा में उपरोक्त विषयों को लेकर क्या गुल खिलता है, यह बाद में ही पता चल पाएगा।



