बड़ा हादसा टला : चलते ट्रक से निकला पहिया, दुकान का टीनशेड तोड़ते हुए थमा
डोंगरगांव (दावा)। नगर के हृदय स्थल श्रीराम द्वार और पुराने बस स्टैंड के बीच रविवार सुबह एक बड़ा हादसा टल गया। आलापल्ली से रायपुर की ओर जा रहे 18 चक्का भारी मालवाहक ट्रक (क्रमांक एनएल-01 एजे9423) का पहिया अचानक हब-बोल्ट टूटने की वजह से अलग हो गया। ट्रक से अलग होकर यह भारी-भरकम टायर तेजी से लुढक़ते हुए पुराने बस स्टैंड की ओर जा पहुंचा और वहां एक होटल के टीन शेड को क्षतिग्रस्त कर दिया। दुर्घटना सुबह करीब 7 बजे की है। उस वक्त वहां अखबार वितरक, हॉकर और मॉर्निंग वॉक पर निकले नागरिक मौजूद थे। टायर को अनियंत्रित गति से अपनी ओर आता देख लोग सहम गए और इधर-उधर भागकर अपनी जान बचाई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना इतनी तेजी से हुई कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला। गनीमत रही कि टायर किसी व्यक्ति से नहीं टकराया, अन्यथा जानलेवा चोट लग सकती थी।
जिस स्थान पर यह घटना हुई, वह शहर का सबसे व्यस्ततम हिस्सा है। सामान्य दिनों में इसी स्थल पर राजनांदगांव के विभिन्न स्कूलों की बसें रुकती हैं और बड़ी संख्या में स्कूली बच्चों व अभिभावकों का जमावड़ा रहता है। रविवार होने के कारण स्कूल बंद थे और सडक़ पर ट्रैफिक भी कम था, जिसकी वजह से एक भीषण दुर्घटना टल गई। टायर निकलने के बाद भी चालक को तुरंत इसकी भनक नहीं लगी। मौके पर मौजूद लोगों और हॉकरों ने शोर मचाकर ट्रक चालक को रोका और उसे घटना की जानकारी दी। बताया जा रहा है कि शहर के भीतर ट्रक की गति कम थी, जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर पलटने से बच गया।



