राजनांदगांव (दावा)। नगर पालिक निगम राजनांदगांव ने वित्तीय वर्ष की समाप्ति को देखते हुए राजस्व वसूली अभियान में कड़ाई बरतनी शुरू कर दी है। महापौर मधुसूदन यादव और निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा के निर्देश पर गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए निगम अमले ने किराया और जलकर बकायादारों के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इस दौरान गौरव पथ स्थित ऑडिटोरियम के पास निर्मित दुकानों को सील किया गया और नंदई क्षेत्र में जलकर न पटाने वालों के कनेक्शन काटे गए। राजस्व अधिकारी राजेश तिवारी के नेतृत्व में निगम की टीम गौरव पथ स्थित ऑडिटोरियम के बाजू में मुख्यमंत्री स्वावलंबन योजना के तहत निर्मित दुकानों पर पहुंची। यहां 7 दुकानदारों द्वारा नोटिस दिए जाने के बावजूद न तो अनुबंध कराया गया था और न ही किराया जमा किया जा रहा था। प्रति दुकान लगभग 1 लाख 10 हजार रुपये बकाया होने के कारण इन सभी 7 दुकानों को सील कर दिया गया है।
नंदई में जलकर बकायादारों पर गिरी गाज
निगम के अमले ने नंदई क्षेत्र में भी सघन कार्रवाई की। यहाँ के 8 करदाताओं ने लंबे समय से जलकर की राशि जमा नहीं की थी, जिसका कुल बकाया लगभग 1 लाख रुपये था। चेतावनी के बाद भी भुगतान न होने पर इन 8 घरों के नल कनेक्शन विच्छेदित कर दिए गए। निगम आयुक्त अतुल विश्वकर्मा ने स्पष्ट किया है कि शासन द्वारा दिए गए शत-प्रतिशत वसूली के लक्ष्य को पूरा करने के लिए निगम अब और भी सख्त कदम उठाएगा। बड़े बकायादारों को अंतिम नोटिस जारी किए जा चुके हैं, और भुगतान न करने की स्थिति में अब सीधे दुकानों की कुर्की और नल काटने की कार्रवाई की जा रही है। आयुक्त ने समस्त करदाताओं से अपील की है कि वे समय पर अपने बकाया कर और किराये की राशि जमा कर अधिभार (सरचार्ज) और कुर्की जैसी अप्रिय कार्यवाही से बचें।


