Home छत्तीसगढ़ सेवा सेतु : डिजिटल सुशासन की नई पहचान

सेवा सेतु : डिजिटल सुशासन की नई पहचान

3
0

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा प्रशासनिक सेवाओं को अधिक सरल, पारदर्शी और जनसुलभ बनाने की दिशा में “सेवा सेतु” पोर्टल एक प्रभावी और अभिनव डिजिटल माध्यम के रूप में स्थापित हो रहा है। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय जी के नेतृत्व में राज्य सरकार सुशासन और डिजिटल गवर्नेंस को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयासरत है। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के डिजिटल इंडिया के विजन को साकार करते हुए सेवा सेतु के माध्यम से अब नागरिकों को अधिकांश शासकीय सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा रही हैं।

ई-डिस्ट्रिक्ट से सेवा सेतु तक का सफर:
पूर्व में राज्य में ई-डिस्ट्रिक्ट पोर्टल के माध्यम से नागरिकों को केवल 86 शासकीय सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही थीं। बदलते समय की जरूरतों के अनुरूप और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए इस व्यवस्था का विस्तार कर इसे “सेवा सेतु” के रूप में विकसित किया गया। आज यह पोर्टल 36 विभागों की 520 से अधिक शासकीय सेवाओं का एकीकृत डिजिटल मंच बन चुका है, जहां विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर ऑनलाइन उपलब्ध हैं।
इससे नागरिकों को अलग-अलग विभागों के कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ती तथा आवेदन, ट्रैकिंग और सेवा प्राप्ति की पूरी प्रक्रिया अधिक पारदर्शी और समयबद्ध हो गई है।

घर बैठे एक क्लिक में 520 शासकीय सेवाएं:
इस सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से नागरिक अपने मोबाइल, लैपटॉप या कंप्यूटर से घर बैठे ही विभिन्न सरकारी सेवाओं के लिए आवेदन कर सकते हैं। इस पोर्टल से समय, श्रम और धन की बचत होने के साथ-साथ सरकारी कार्यप्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही भी बढ़ी है।

सेवा सेतु पोर्टल पर उपलब्ध श्रेणीवार 520 प्रमुख सेवाओं में शामिल हैं—
• व्यवसाय, उद्योग एवं वाणिज्यिक सेवाएं -106
• लाइसेंस, परमिट एवं विनियामक सेवाएं – 85
• सामाजिक कल्याण, पेंशन एवं वित्तीय सहायता सेवाएं -65
• शिक्षा, छात्रवृत्ति एवं शैक्षणिक सेवाएं- 58
• भूमि, संपत्ति एवं राजस्व सेवाएं- 37
• व्यक्तिगत पहचान एवं प्रमाण पत्र सेवाएं- 35
• शासकीय अनुमोदन, अनापत्ति प्रमाण पत्र एवं स्वीकृति सेवाएं 31
• जन शिकायत, सुरक्षा एवं विधिक सेवाएं- 25
• रोजगार, कौशल एवं श्रम सेवाएं- 19
• केंद्र सरकार की सेवा-19
• भुगतान, कर एवं वित्तीय लेनदेन सेवाएं-18
• कृषि, ग्रामीण एवं आजीविका सेवाएं-15
• स्वास्थ्य एवं चिकित्सा सेवाएं-7

शासकीय प्रमुख सेवाएं-
• जाति प्रमाण पत्र
• आय प्रमाण पत्र
• निवास प्रमाण पत्र
• विवाह प्रमाण पत्र
• राशन कार्ड संबंधी सेवाएं
• पेंशन योजनाएं
• नाम परिवर्तन सेवा
• व्यापार लाइसेंस
• विभिन्न विभागों की अन्य नागरिक सेवाएं

ग्राम पंचायत स्तर तक डिजिटल सेवाओं का विस्तार:
सेवा सेतु को केवल एक ऑनलाइन पोर्टल तक सीमित नहीं रखा गया है, बल्कि इसकी पहुंच प्रदेश के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किया जा रहा है। इसके प्रभावी संचालन हेतु पंचायत सचिवों, सेवा सेतु केंद्र संचालकों तथा संबंधित विभागीय कर्मचारियों को चरणबद्ध प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
इस प्रशिक्षण का उद्देश्य ग्राम पंचायत स्तर तक डिजिटल सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करना, नागरिकों को समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना तथा शासन की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार करना है। पंचायत स्तर पर सेवा सेतु केंद्रों को जनसुविधा का महत्वपूर्ण माध्यम बनाया जा रहा है, जिससे ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को भी डिजिटल सेवाओं का समान लाभ मिल सके।

उल्लेखनीय उपलब्धियां:
सेवा सेतु पोर्टल के माध्यम से अब तक प्राप्त उपलब्धियां इसकी सफलता को प्रमाणित करती हैं—
• 36 विभागों की सेवाएं एक ही डिजिटल मंच पर उपलब्ध।
• 520 से अधिक शासकीय सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध।
• 39 लाख से अधिक आवेदन प्राप्त।
• 95.9 प्रतिशत आवेदनों का सफल निराकरण।
• 16,700 से अधिक सेवा केंद्र नागरिकों की सुविधा के लिए संचालित।
यह आंकड़े दर्शाते हैं कि सेवा सेतु नागरिकों के बीच एक विश्वसनीय, प्रभावी और पारदर्शी डिजिटल सेवा मंच के रूप में तेजी से स्थापित हो रहा है।

डिजिटल सुशासन की मजबूत पहल:
सेवा सेतु केवल एक पोर्टल नहीं, बल्कि “जनता के द्वार, डिजिटल सरकार” की अवधारणा को साकार करने वाला सशक्त माध्यम है। इसके माध्यम से शासन और नागरिकों के बीच की दूरी कम हुई है तथा सरकारी सेवाएं पहले की तुलना में अधिक तेज, पारदर्शी और सुविधाजनक बनी हैं।
छत्तीसगढ़ सरकार का लक्ष्य है कि प्रदेश का प्रत्येक नागरिक बिना किसी अनावश्यक परेशानी के, समयबद्ध तरीके से शासकीय सेवाओं का लाभ प्राप्त कर सके। सेवा सेतु इसी दिशा में डिजिटल सुशासन का एक महत्वपूर्ण और प्रभावी कदम साबित हो रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here