Home छत्तीसगढ़ आयुक्त मरकाम व यातायात प्रभारी ने गोल बाजार और फल मार्केट...

आयुक्त मरकाम व यातायात प्रभारी ने गोल बाजार और फल मार्केट का किया पैदल निरीक्षण…

13
0

दुकानों के बाहर व नालियों पर रखा सामान कराया गया अंदर, अतिक्रमण न करने की दी गई समझाईश

राजनांदगांव (दावा)। बारिश के मौसम में समुचित जल निकासी, सुगम आवागमन और बाजार क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम लगातार प्रभावी कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में नगर निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम और यातायात प्रभारी नवरतन कश्यप ने अमले के साथ गोल बाजार, राजगामी संपदा कार्यालय क्षेत्र एवं फल मार्केट का पैदल भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लिया।
सडक़ और नाली से हटाया गया अतिक्रमण

निरीक्षण के दौरान आयुक्त व यातायात प्रभारी ने दुकानदारों को दुकानों के बाहर, सडक़ों और नालियों के ऊपर फैलाए गए सामान को तत्काल हटाने की समझाइश दी। अधिकारियों की मौजूदगी में दुकानदारों ने स्वत: ही सडक़ व नाली से सामान हटाकर दुकानों के भीतर किया। साथ ही, राजगामी कार्यालय के चारों ओर सडक़ घेरकर लगाए गए अस्थायी पसरा व सामान को भी हटवाया गया।

जलभराव व ट्रैफिक जाम से मिलेगी राहत
उल्लेखनीय है कि शहर के प्रमुख व्यापारिक मार्गों—गोल बाजार, फल मार्केट, सिनेमा लाइन, हलवाई लाइन, सदर लाइन, गुड़ाखू लाइन, कामठी लाइन और जूनी हटरी में दुकानदारों द्वारा बाहर सामान रखने व लटकाने से ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है और पार्किंग में भारी असुविधा होती है। इसके अलावा नालियों पर सामान रखने से बारिश का पानी अवरुद्ध हो जाता है।

स्वच्छ व सुव्यवस्थित शहर के लिए मांगा सहयोग
आयुक्त जी.आर. मरकाम ने व्यापारियों से संवाद करते हुए कहा कि सडक़ पर सामान फैलाने से ग्राहकों के आवागमन व पार्किंग में समस्या आती है, जिससे स्वयं उनका व्यापार भी प्रभावित होता है। उन्होंने शहर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाए रखने के लिए व्यापारियों से निरंतर सहयोग की अपील की। समझाइश के बाद व्यापारियों ने व्यवस्था बनाए रखने में पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here