० शॉर्ट सर्किट से भडक़ी आग की लपटों ने इलेक्ट्रॉनिक दुकान को भी लिया चपेट में, घनी आबादी में मची अफरा-तफरी
० एसडीएम एम. भार्गव के नेतृत्व में प्रशासनिक अमले ने किया निरीक्षण, पीडि़त संचालक को उचित मुआवजे का भरोसा
डोंगरगढ़ (दावा)। रेलवे स्टेशन से बुधवारी पारा होकर गोल बाजार जाने वाले मुख्य मार्ग पर स्थित नगर के प्रतिष्ठित व्यावसायिक संस्थान पिंटू भाटिया किराया भंडार में बुधवार दोपहर एक भीषण आगजनी की घटना हो गई। शॉर्ट सर्किट के कारण लगी इस आग ने कुछ ही मिनटों में इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि इसकी गगनचुंबी लपटें और धुएं का काला गुबार दूर-दूर तक दिखाई देने लगा। व्यस्त और घनी आबादी वाले मुख्य बाजार क्षेत्र में आग की खबर फैलते ही पूरे इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल निर्मित हो गया। डोंगरगांव और राजनांदगांव से पहुंचे दमकल वाहनों तथा स्थानीय जनसहयोग की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका।
दोपहर 2 बजे भडक़ी आग, इलेक्ट्रॉनिक सामान भी जलकर खाक
प्रत्यक्षदर्शियों से मिली जानकारी के अनुसार पिंटू भाटिया किराया भंडार में दोपहर करीब 2 बजे अचानक धुएं के साथ आग की लपटें उठती देखी गईं। जब तक लोग कुछ समझ पाते, आग तेजी से फैल गई। इस किराया भंडार के साथ ही संचालित होने वाली इलेक्ट्रॉनिक एवं इलेक्ट्रिकल सामानों की दुकान भी इस भीषण आग की चपेट में आ गई। दुकान के भीतर रखे गद्दे, टेंट के सामान और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के कारण आग तेजी से धधक उठी।
एसडीएम की मौजूदगी में रेस्क्यू, राजनांदगांव से बुलाई गई अतिरिक्त दमकल
घटना की संवेदनशीलता और बाजार क्षेत्र की सघनता को देखते हुए स्थानीय प्रशासन तुरंत हरकत में आया। एसडीएम एम. भार्गव के नेतृत्व में प्रशासनिक अमला और डोंगरगढ़ नगर पालिका की फायर ब्रिगेड टीम तत्काल मौके पर पहुंची और युद्धस्तर पर बचाव कार्य शुरू किया। आग की गंभीरता को देखते हुए समय रहते राजनांदगांव नगर पालिक निगम से भी अतिरिक्त फायर ब्रिगेड वाहन को आपातकालीन स्थिति में बुलवाया गया। दोनों शहरों की दमकल टीमों ने स्थानीय सजग नागरिकों के साथ मिलकर चारों तरफ से पानी की बौछारें कीं और आग को आगे बढऩे से रोका।
25 लाख से अधिक का नुकसान, सीजन के लिए भरा था माल
दुकान संचालक पिंटू भाटिया ने बताया कि आगामी शादी-ब्याह और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सीजन को ध्यान में रखते हुए उन्होंने हाल ही में लाखों रुपए की लागत से टेंट, बर्तन और नए इलेक्ट्रॉनिक सामानों की बड़ी खेप खरीदी थी। पूर्व में रखे स्टॉक सहित पूरी दुकान और गोदाम के अंदर रखी समस्त सामग्री जलकर पूरी तरह राख हो गई है। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार इस भीषण अग्निकांड में उन्हें लगभग 25 लाख रुपए से अधिक का भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
प्रशासन की त्वरित कार्रवाई से बची बड़ी जनहानि : संचालक
आगजनी की इस बड़ी त्रासदी के बाद दुकान संचालक पिंटू भाटिया ने एसडीएम एम. भार्गव सहित पुलिस, नगर पालिका के अधिकारियों-कर्मचारियों और संकट की घड़ी में ढाल बनकर खड़े हुए आम नागरिकों का सहृदय आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि यदि प्रशासन और जनता का त्वरित सहयोग नहीं मिलता, तो आग आसपास की दुकानों को भी चपेट में ले लेती और बड़ी जनहानि हो सकती थी। निरीक्षण के दौरान एसडीएम एम. भार्गव ने पीड़ित व्यवसायी को ढांढस बंधाया और राजस्व विभाग के अमले को तत्काल नुकसान का विस्तृत पंचनामा व सर्वे तैयार करने के निर्देश दिए। प्रशासन द्वारा प्रोपराइटर को पूर्ण रूप से आश्वस्त किया गया है कि शासन के नियमानुसार उन्हें जल्द से जल्द उचित व अधिकतम मुआवजा राशि प्रदान की जाएगी।



