Home छत्तीसगढ़ जीत का मंत्र : मजबूत बूथ, योजनाओं का तंत्र

जीत का मंत्र : मजबूत बूथ, योजनाओं का तंत्र

7
0

राजनांदगांव (दावा)। हमारे कार्यकर्ता बूथ पर मेहनत करते हैं और हम बूथ को जीतने के साथ ही चुनाव जीत जाते हैं…। पर अभी हमें बूथ पर पहले से ज्यादा काम करना है और कार्यक्रमों का आयोजन कर लोगों को जोडऩा है। सरकार की योजनाओं से अंतिम छोर के हितग्राहियों को लाभ दिलाना हमारा परम दायित्व है। यही सफलता का मंत्र है, जिसकी बदौलत हम मोदी जी के 2047 ‘विकसित भारत’ के लक्ष्य को हासिल करने में योगदान दे सकते हैं। यह विचार भारतीय जनता पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने शुक्रवार को सोमनी स्थित ब्लिस होटल में आयोजित भाजपा जिला कार्यसमिति की बैठक को संबोधित करते हुए व्यक्त किए।

संपर्क, संवाद और समन्वय के साथ बढ़ें आगे
श्री जामवाल ने कहा कि पार्टी आज जिस शिखर पर है, वह वरिष्ठ कार्यकर्ताओं की मेहनत और त्याग का परिणाम है। केंद्र की मोदी सरकार और राज्य की विष्णुदेव साय सरकार की जनहितकारी योजनाओं का लाभ हर वर्ग तक पहुंच रहा है। हमें लाभार्थियों से निरंतर संपर्क कर उन्हें पार्टी की विचारधारा से जोडऩा है। संपर्क, संवाद और समन्वय ही हमारी सफलता का आधार है।

जिले की सभी सीटें जीतने का लक्ष्य : डॉ. रमन
विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने कार्यकर्ताओं में उत्साह भरते हुए कहा कि आने वाले चुनावों में जिले की चारों सीटें जीतकर इतिहास रचना है। उन्होंने 1980 के दशक की अपनी पुरानी यादें साझा कीं और 1992 का एक अविस्मरणीय प्रसंग सुनाया। जिसमें 1992 में कवर्धा प्रवास के दौरान पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी का वाहन खराब हो गया था और उन्हें रात्रि विश्राम कवर्धा में करना पड़ा। मेरे आग्रह पर अटल जी ने सुबह 7 बजे सभा करने की शर्त रखी कि पर्याप्त भीड़ होगी तभी 5 मिनट बोलूँगा। इस चुनौती को स्वीकार कर हमने रातभर में लोगों को जुटाया। अगली सुबह कवर्धा के गोल चौक पर ऐसी ऐतिहासिक भीड़ उमड़ी कि अटल जी ने 5 की जगह 18 मिनट तक ओजस्वी संबोधन दिया। डॉ. रमन सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार के कार्यकाल का ढाई वर्ष पूर्ण हुआ है और अधिकांश वादे पूरे कर लिए गए हैं। जिससे भाजपा और बड़ी जीत दर्ज करेगी।

जनता के सुख-दुख में रहूँगा साथ : गजेंद्र यादव
जिले के प्रभारी मंत्री गजेंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश का मान विश्वभर में बढ़ा है। आगामी 2 अगस्त को नशा मुक्ति अभियान का आगाज होने जा रहा है। उन्होंने घोषणा की कि वे माह में तीन दिन विधानसभा के कार्यकर्ताओं एवं आम जनता से मिलकर उनका सुख-दुख साझा करेंगे। बैठक में प्रमुख रूप से संभाग प्रभारी जगन्नाथ पाणिग्रही, जिला प्रभारी जितेंद्र वर्मा, खूबचंद पारख, संतोष अग्रवाल, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह, महापौर मधुसूदन यादव, जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत ने मंडल, शक्ति केंद्र व बूथों की प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत की। कार्यक्रम का संचालन तरुण लहरवानी व डिकेश साहू ने किया तथा आभार प्रदर्शन कोषाध्यक्ष भावेश बैद ने किया। बैठक में वरिष्ठ नेता, जिला पदाधिकारी एवं मोर्चा-प्रकोष्ठों के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में शामिल हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here