Home छत्तीसगढ़ संतोष अग्रवाल अध्यक्ष, आलोक बिंदल महासचिव व लोकेश अग्रवाल कोषाध्यक्ष चुने गए…

संतोष अग्रवाल अध्यक्ष, आलोक बिंदल महासचिव व लोकेश अग्रवाल कोषाध्यक्ष चुने गए…

34
0

*अग्रवाल संगठन को मिला नया नेतृत्व

*राजनांदगांव।* श्री अग्रवाल सभा के तत्वावधान में अग्रसेन भवन में आयोजित राजनांदगांव जिला अग्रवाल संगठन का कार्यकर्ता सम्मेलन संगठनात्मक एकता, अनुशासन और सामाजिक समर्पण का ऐतिहासिक आयोजन साबित हुआ। जिले सहित आसपास के नगरों और ग्रामीण क्षेत्रों से 160 से अधिक अग्रबंधुओं, मातृशक्ति एवं युवा साथियों की गरिमामयी उपस्थिति में समाजहित से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर चर्चा हुई। सम्मेलन में सर्वसम्मति से संतोष अग्रवाल (राधाकृष्ण) को जिला अध्यक्ष तथा आलोक बिंदल को महासचिव और लोकेश अग्रवाल कोषाध्यक्ष निर्वाचित किया गया। इस अवसर पर छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल ने समाज को संगठित होकर सेवा और संस्कारों की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
सम्मेलन का शुभारंभ भगवान  अग्रसेन महाराज के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं वंदना के साथ हुआ। अग्रसेन भवन में आयोजित इस भव्य सम्मेलन में राजनांदगांव, गेंदाटोला, सालेवारा, गंडई, खैरागढ़, डोंगरगढ़, डोंगरगांव, चौकी, बाँधाबाजार, चिरचारी, तिलईरवार सहित अनेक क्षेत्रों से समाजबंधु बड़ी संख्या में पहुंचे। पुरुषों के साथ महिलाओं और युवाओं की उल्लेखनीय भागीदारी ने सम्मेलन को विशेष गरिमा प्रदान की। मुख्य अतिथि एवं छत्तीसगढ़ प्रांतीय अग्रवाल संगठन के अध्यक्ष डॉ. अशोक अग्रवाल ने अपने प्रेरक उद्बोधन में कहा कि जैसे सूर्य की हजारों किरणें मिलकर पूरे विश्व को आलोकित करती हैं वैसे ही समाज के सभी संगठन यदि एकजुट होकर सेवा के मार्ग पर आगे बढ़ें तो समाज नई ऊँचाइयों को प्राप्त करेगा। उन्होंने कहा कि समाज की मजबूती संगठनात्मक अनुशासन और आपसी सम्मान से आती है। प्रत्येक समाजबंधु को अपने स्थानीय अध्यक्ष एवं संगठन के नेतृत्व का सम्मान करते हुए समाजहित में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। प्रांतीय महामंत्री संजय अग्रवाल ने बैठक का प्रभावी संचालन करते हुए संगठन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने सदस्यता अभियान को गति देने समाज के प्रत्येक परिवार तक संगठन को पहुंचाने तथा युवाओं और महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने का आह्वान किया। सम्मेलन के दौरान प्रांतीय उपाध्यक्ष डॉ. नंदकिशोर अग्रवाल, प्रांतीय युवा अध्यक्ष आशीष सेक्सरिया (दुर्ग), प्रांतीय युवा महामंत्री आशीष अग्रवाल (थान खमरिया), आशीष बिंदल, दुर्ग युवा जिला अध्यक्ष हिमांशु अग्रवाल, अतुल जिंदल सहित अनेक पदाधिकारी सक्रिय रूप से उपस्थित रहे। बैठक में विगत दो वर्षों के संगठनात्मक कार्यों की समीक्षा की गई। सदस्यता अभियान, जिला समिति के पुनर्गठन, संगठन विस्तार, आगामी सामाजिक कार्यक्रमों एवं समाजहित से जुड़े अनेक विषयों पर विस्तृत चर्चा कर भविष्य की कार्ययोजना तैयार की गई। जिला अध्यक्ष शरद अग्रवाल के सफल कार्यकाल की सराहना करते हुए उनकी सहमति से नए नेतृत्व का चयन किया गया। सर्वसम्मति से संतोष अग्रवाल (राधाकृष्ण) को राजनांदगांव जिला अग्रवाल संगठन का अध्यक्ष तथा आलोक बिंदल को महासचिव चुना गया। दोनों पदाधिकारियों के निर्वाचन की घोषणा होते ही पूरा सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा और उपस्थित समाजबंधुओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। सम्मेलन में राष्ट्रीय कार्यसमिति द्वारा लिए गए महत्वपूर्ण निर्णयों का सर्वसम्मति से समर्थन किया गया। इनमें प्रमुख रूप से मांगलिक अवसरों पर भगवान श्री अग्रसेन जी के चित्रयुक्त चांदी के सिक्कों के उपयोग को बढ़ावा देना। सार्वजनिक सड़कों पर महिलाओं एवं बालिकाओं के नृत्य-गान की परंपरा पर पूर्व संकल्प की पुनः पुष्टि। विवाह योग्य युवक-युवतियों के विवाह समय पर संपन्न कराने के लिए समाजव्यापी जनजागरण अभियान चलाना। विवाह समारोहों में प्री-वेडिंग शूट की परंपरा पर पूर्व निर्णय को पुनः लागू रखने का संकल्प। कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य एवं प्रांतीय उपाध्यक्ष विमल अग्रवाल (राजनांदगांव) के नेतृत्व में किया गया, जबकि मंच संचालन लक्ष्मण लोहिया ने किया। इस अवसर पर प्रांतीय वरिष्ठ उपाध्यक्ष संतोष अग्रवाल, प्रांतीय उपाध्यक्ष अशोक लोहिया, वीरेंद्र अग्रवाल (डोंगरगढ़), प्रांतीय संयोजक लक्ष्मण लोहिया, अग्रवाल सभा के नवनिर्वाचित अध्यक्ष सुशील अग्रवाल, निवृत्तमान अध्यक्ष शरद अग्रवाल, जिला महिला संगठन की अध्यक्ष मंजू खोखरिया, संरक्षिका अनुराधा लोहिया, अग्रवाल सभा महिला अध्यक्ष संतोष राजेंद्र अग्रवाल, डोंगरगढ़ अग्रवाल सभा अध्यक्ष लक्ष्मीनारायण अग्रवाल, प्रकाश बिंदल, आनंद अग्रवाल, महेश अग्रवाल, मनमोहन अग्रवाल, गणेश नरेड़ी सहित बड़ी संख्या में समाज के वरिष्ठ, महिला एवं युवा पदाधिकारी उपस्थित रहे। सम्मेलन के समापन पर सभी वक्ताओं ने संगठन को और अधिक सशक्त बनाने, समाज में संस्कार, सेवा और समरसता की भावना को बढ़ावा देने तथा राष्ट्रीय एवं प्रांतीय नेतृत्व के मार्गदर्शन में एकजुट होकर समाजहित में कार्य करने का संकल्प लिया। 160 से अधिक अग्रबंधुओं की ऐतिहासिक उपस्थिति ने यह संदेश दिया कि राजनांदगांव जिला अग्रवाल संगठन समाज को नई दिशा देने के लिए पूरी मजबूती और एकजुटता के साथ आगे बढ़ रहा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here