Home छत्तीसगढ़ खुले सेप्टिक टैंक में डूबने से छह वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत…

खुले सेप्टिक टैंक में डूबने से छह वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत…

8
0

डोंगरगांव थाना क्षेत्र के संबलपुर की घटना, बुआ के घर के पास खेलते समय हुआ हादसा, अकेला चिराग बुझा

डोंगरगांव (दावा)। थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम संबलपुर में शुक्रवार दोपहर एक हृदयविदारक हादसा सामने आया है। यहां बुआ के घर के पास खेलते समय निर्माणाधीन खुले सेप्टिक टैंक में गिरने से एक छ: वर्षीय मासूम बालक की डूबकर मौत हो गई। घटना के बाद से ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

खेलने निकला था मासूम, देर बाद शुरू हुई खोजबीन
डोंगरगांव पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार संबलपुर निवासी कृषक भारत ठाकुर का छ: वर्षीय पुत्र रीहान ठाकुर शुक्रवार (31 जुलाई) को दोपहर करीब 12 बजे अपने घर से लगभग दो सौ मीटर दूर बुआ के घर के पास स्थित खाली मैदान में खेलने गया था। जब बालक काफी देर तक घर वापस नहीं लौटा, तो चिंतित परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। खोजबीन के दौरान पता चला कि बुआ घर पर नहीं थीं और बालक अकेले ही खेल रहा था।

टैंक से मिला शव
परिजनों ने देखा कि बुआ के मकान के पास ही एक खुले व पानी से भरे निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के आसपास बच्चा देखा गया था। आशंका के आधार पर जब परिजनों ने बांस और लोहे की रॉड की मदद से टैंक के पानी में तलाश की, तो मासूम रीहान का शव बरामद हुआ। घटना की सूचना तत्काल डोंगरगांव पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया तथा मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। गांव के लोगों ने बताया कि मृतक बालक अपने माता-पिता की इकलौती संतान (इकलौता पुत्र) था। इस दर्दनाक हादसे से पूरा गांव स्तब्ध है और परिवार में मातम का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here