लोहे की पाइप लोड करते समय हुआ हादसा, परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य थे मृतक बिसनाथ वर्मा
खैरागढ़ (दावा)। जालबांधा मुख्य मार्ग के समीप शनिवार को एक हृदयविदारक हादसे में 11 केवी हाईवोल्टेज विद्युत लाइन की चपेट में आने से एक ई-रिक्शा चालक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक की पहचान ग्राम घुमर्रा निवासी बिसनाथ वर्मा उम्र 50 वर्ष पिता मायाराम वर्मा के रूप में हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बिसनाथ वर्मा शनिवार को रोज की तरह अपना ई-रिक्शा लेकर जालबांधा पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें जालबांधा स्थित चंद्रेश हार्डवेयर से लोहे की पाइप दूसरे स्थान तक ले जाने का काम मिला। पाइप लोड करने के लिए वे ई-रिक्शा लेकर हार्डवेयर के गोदाम पहुंचे। बताया जा रहा है कि जैसे ही उन्होंने लोहे की पाइप उठाई, वह ऊपर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन के संपर्क में आ गई। हाईवोल्टेज लाइन के संपर्क में आते ही पाइप में तेज करंट दौड़ गया। जिसकी चपेट में आकर बिसनाथ गंभीर रूप से झुलस गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने घोषित किया मृत
हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए बिसनाथ को तत्काल जालबांधा अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने परीक्षण के पश्चात उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए खैरागढ़ अस्पताल भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक बिसनाथ अपने परिवार में अकेले कमाने वाले सदस्य थे और ई-रिक्शा चलाकर परिजनों का पालन-पोषण करते थे। उनकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ आक्रोश जताते हुए मांग की है कि रिहायशी और व्यावसायिक क्षेत्रों से गुजरने वाली हाईवोल्टेज लाइनों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था, चेतावनी संकेत और सुरक्षित ऊंचाई सुनिश्चित की जाए, ताकि भविष्य में ऐसे दर्दनाक हादसों की पुनरावृत्ति न हो।



