छुईखदान। श्रद्धा, सेवा और संगठन का अनुपम उदाहरण प्रस्तुत करते हुए छुईखदान बोल बम समिति का 80 सदस्यीय कांवड़िया जत्था पवित्र बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर (झारखंड) के लिए उत्साह, भक्ति और उमंग के साथ रवाना हुआ। समिति ने इस वर्ष अपनी 19वीं वर्षगांठ के साथ एक और ऐतिहासिक पड़ाव तय किया। कभी केवल 7 शिवभक्तों के साथ शुरू हुई यह यात्रा आज 80 श्रद्धालुओं के विशाल परिवार का रूप ले चुकी है, जो वर्षों की निष्ठा, अनुशासन और भगवान भोलेनाथ के प्रति अटूट आस्था का जीवंत प्रमाण है।

इस अवसर पर खैरागढ़ से विजय सोनी, छुईखदान से पिल्लू यादव एवं उनके गौसेवक साथियों ने भी यात्रा में शामिल होकर धार्मिक एकता और सामाजिक समरसता का संदेश दिया।
रवानगी के अवसर पर भाजपा जिला महामंत्री डॉ. नवनीत जैन एवं भाजपा मंडल अध्यक्ष भवेश कोचर ने सभी कांवड़ियों को यात्रा बैग भेंट कर मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएँ दीं। वहीं भारतीय जनता युवा मोर्चा, मंडल छुईखदान ने श्रद्धालुओं को मेडिकल किट एवं ट्रेन यात्रा के लिए नाश्ता पैकेट वितरित कर सेवा भाव का परिचय दिया।
बोल बम समिति के अध्यक्ष संजय महोबिया ने बताया कि समिति पिछले 19 वर्षों से निरंतर बाबा धाम यात्रा का सफल आयोजन कर रही है। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आस्था का आयोजन नहीं, बल्कि सेवा, भाईचारे, अनुशासन और सामाजिक एकजुटता का महापर्व है। उन्होंने सभी सहयोगियों, शिवभक्तों एवं नगरवासियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी के सहयोग से यह पावन परंपरा निरंतर आगे बढ़ रही है।
समिति के वरिष्ठ सदस्य पीयूष महोबिया ने कहा कि वर्षों से जुड़े साथियों के समर्पण और अथक प्रयासों के कारण आज समिति एक मजबूत और प्रेरणादायी संगठन के रूप में स्थापित हुई है। भविष्य में अधिक से अधिक श्रद्धालुओं को इस पवित्र यात्रा से जोड़ने का प्रयास निरंतर जारी रहेगा।
समिति के प्रारंभिक दौर से जुड़े संजय महोबिया, पीयूष महोबिया, प्रशांत महोबिया, सचिन महोबिया, शैलू महोबिया, मुकेश महोबिया, मनोज निषाद, सोहन पाल एवं पप्पू चंद्राकर सहित अनेक वरिष्ठ साथियों के योगदान को इस अवसर पर विशेष रूप से स्मरण किया गया। उनके समर्पण और संगठन क्षमता के कारण आज बोल बम समिति नगर की एक प्रतिष्ठित धार्मिक एवं सामाजिक संस्था के रूप में अपनी अलग पहचान बना चुकी है।
इस वर्ष बाबा धाम यात्रा में भारतीय जनता युवा मोर्चा, मंडल छुईखदान के कार्यकर्ता भी उत्साहपूर्वक शामिल हुए हैं। इनमें मंडल अध्यक्ष नवीन चंद्राकर, महामंत्री विश्वनाथ चंद्राकर, शुभम चंद्राकर सहित अन्य युवा साथी बाबा भोलेनाथ के जलाभिषेक हेतु यात्रा पर रवाना हुए।
रवानगी के दौरान पूरा नगर “हर-हर महादेव” और “बोल बम” के जयघोष से भक्तिमय हो उठा। नगरवासियों ने पुष्पवर्षा कर सभी कांवड़ियों का आत्मीय स्वागत किया तथा उनकी सुखद, सुरक्षित और सफल यात्रा की कामना की। 19 वर्षों से निरंतर चल रही यह यात्रा आज छुईखदान में आस्था, सेवा, संस्कार और सामाजिक एकता की सशक्त पहचान बन चुकी है।



