आज जयस्तंभ चौक से शुरू होगा हस्ताक्षर अभियान, घर-घर पहुंचेंगे कांग्रेस कार्यकर्तां
राजनांदगांव (दावा)। महंगी बिजली, बढ़े हुए बिजली बिल और स्मार्ट मीटर के विरोध में कांग्रेस अब जिलेभर में जनसंपर्क अभियान चलाएगी। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर शुक्रवार को शहर जिला कांग्रेस कमेटी और ग्रामीण जिला कांग्रेस कमेटी ने संयुक्त पत्रकारवार्ता कर चरणबद्ध आंदोलन की रूपरेखा सार्वजनिक की। बताया गया कि २ अगस्त को सुबह 11 बजे जयस्तंभ चौक से हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत होगी। जिसके बाद अगले दो महीने तक कांग्रेस कार्यकर्ता शहर और गांवों में घर-घर पहुंचकर उपभोक्ताओं के हस्ताक्षर जुटाएंगे। अभियान के दौरान प्राप्त आवेदन बिजली विभाग के माध्यम से शासन को सौंपे जाएंगे। यह अभियान प्रदेश कांग्रेस के चरणबद्ध आंदोलन का हिस्सा है।
शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष जितेंद्र मुदलियार ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में बिजली उपभोक्ताओं पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार अब तक पांच बार बिजली दरों में वृद्धि कर चुकी है। जुलाई से घरेलू उपभोक्ताओं के लिए 30 से 50 पैसे, गैर घरेलू श्रेणी में 20 से 40 पैसे तथा कृषि पंपों के लिए 40 पैसे प्रति यूनिट तक दरें बढ़ाई गई हैं। इसके पहले 12 प्रतिशत विद्युत ईंधन अधिभार भी लगाया गया था। भाजपा सरकार के कार्यकाल में अब तक बिजली दरों में 31.23 प्रतिशत की वृद्धि हो चुकी है। मुदलियार ने कहा कि उन्होंने कहा कि दो अगस्त से जयस्तंभ चौक से शुरू होने वाले दो माह के हस्ताक्षर अभियान के माध्यम से जनता का समर्थन जुटाया जाएगा।
ग्रामीण जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन यादव ने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना लागू थी। जिसे बंद करने के बाद बढ़ी हुई बिजली दरों और स्मार्ट मीटर के कारण उपभोक्ताओं के बिल कई गुना बढऩे की शिकायतें सामने आ रही हैं। यह केवल राजनीतिक आंदोलन नहीं, बल्कि आम उपभोक्ताओं के हितों से जुड़ा जनअभियान है। उन्होंने बताया कि दो महीने तक कांग्रेस के कार्यकर्ता गांव-गांव और वार्ड-वार्ड जाकर लोगों से संपर्क करेंगे। हस्ताक्षर अभियान चलाएंगे और बिजली बिलों तथा स्मार्ट मीटर से जुड़ी समस्याओं की जानकारी एकत्र करेंगे। इसके बाद सभी आवेदन जिला स्तर पर एकत्रित कर बिजली विभाग के माध्यम से शासन को सौंपे जाएंगे। यदि मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को अगले चरण में और तेज किया जाएगा। दोनों जिला अध्यक्षों ने कहा कि प्रदेश कांग्रेस ने इस अभियान के माध्यम से तीन प्रमुख मांगें उठाई हैं। इनमें बढ़ी हुई बिजली दरें वापस लेना, स्मार्ट मीटर हटाना तथा 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ योजना को फिर से लागू करना शामिल है। उन्होंने दावा किया कि प्रदेशभर में एक साथ चलने वाला यह अभियान आम उपभोक्ताओं को राहत दिलाने की दिशा में जनदबाव तैयार करेगा। इस दौरान पूर्व मंत्री धनेश पाटिला, पूर्व विधायक भुनेश्वर बघेल, पदम कोठारी, थानेश्वर पाटिला, मेहुल मारु, इकरामुद्दीन सोलंकी, राकेश जोशी, मामराज अग्रवाल, अशोक पंजवानी, प्रकाश बाफना, बंटी पांडे, अमीन हुद्दा, सूर्यकांत जैन, अनीश खान, राहुल तिवारी, अभिमन्यु मिश्रा, नरेश साहू, सुरेन्द्र देवांगन, अवधेश प्रजापति, मनीष अग्रवाल, तन्मय कोटडिय़ा, सागर ताम्रकार, अमित कुशवाहा व अन्य उपस्थित थे।



