Home छत्तीसगढ़ मोहारा फिल्टर प्लांट का औचक निरीक्षण : महापौर मधुसूदन ने तेजस कम्पनी...

मोहारा फिल्टर प्लांट का औचक निरीक्षण : महापौर मधुसूदन ने तेजस कम्पनी संचालक को लगाई फटकार…

7
0

० प्लांट के सुचारू संचालन के दिए कड़े निर्देश
० कांग्रेस संवेदनशील मुद्दे पर भ्रम न फैलाये

राजनांदगांव (दावा)। महापौर मधुसूदन यादव ने निगम आयुक्त जी.आर. मरकाम एवं निगम अध्यक्ष टोपेन्द्र सिंह पारस वर्मा के साथ मोहारा जल संयंत्र गृह का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सी.एम.सी. तेजस कम्पनी के संचालक को फटकार लगाते हुए महापौर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि पेयजल जैसी संवेदनशील सेवा में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान जल विभाग के प्रभारी सदस्य सुनील साहू, शिक्षा विभाग के प्रभारी सदस्य आलोक श्रोती एवं कनिष्ठ सभापति संदीप बघेल विशेष रूप से उपस्थित रहे।

पंपों की स्थिति और पेयजल आपूर्ति का जायजा
महापौर ने जल विभाग के अधिकारियों से चालू पंप, क्लोरीन और फिटकिरी (एलम) के स्टॉक की जानकारी ली। कार्यपालन अभियंता (संविदा) यू.के. रामटेके ने बताया कि प्लांट के 18 पंपों में से 6 पंप पूरी तरह खराब हो चुके हैं, जबकि शेष 12 पंपों में से 7 पंप (10, 17 और 27 एम.एल.डी. प्लांट में) वर्तमान में चालू हैं( जिनसे सुचारू पेयजल आपूर्ति की जा रही है। 5 पंप मरम्मत में हैं, जिन्हें जल्द ठीक कर लिया जाएगा। इसके अलावा, 150 एच.पी. के दो नए मोटर पंप खरीदने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, जो एक सप्ताह के भीतर प्लांट में आ जाएंगे। उन्होंने यह भी बताया कि 17 एम.एल.डी. प्लांट में हुए क्लोरीन रिसाव को दुरुस्त कर चालू कर दिया गया है। प्लांट में प्रतिदिन 6 से 7 टन फिटकिरी की खपत होती है और वर्तमान में 30 टन का स्टॉक उपलब्ध है, जिसे और बढ़ाया जा रहा है।

अधिकारियों व प्लांट संचालक को दिए सख्त निर्देश
महापौर मधुसूदन यादव ने कहा कि नए आने वाले 2 मोटर पंपों को तत्काल स्थापित किया जाए तथा 2 अन्य पंपों की खरीदी हेतु निविदा प्रक्रिया शुरू की जाए। सभी आवश्यक रसायनों का पर्याप्त भंडारण रखा जाए और विभागीय अधिकारी रोजाना मॉनिटरिंग करें। निगम आयुक्त मरकाम ने कहा कि बारिश के मौसम में एलम और ब्लीचिंग पाउडर की खपत बढ़ जाती है। अत: इसका पर्याप्त स्टॉक रखा जाए। अतिरिक्त पंपों को दुरुस्त रखकर बैकअप तैयार रखा जाए। निरीक्षण के दौरान कार्यपालन अभियंता दीपक खांडे, प्रभारी सहायक अभियंता श्रीमती गरिमा वर्मा, उप अभियंता अनूप पांडे, प्लांट संचालक नितिन पाटिल सहित निगम व कंपनी के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here