0 5 खिलाडिय़ों ने पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर हिस्सा लेकर जीते 6 पदक
राजनांदगांव । दिल्ली में आयोजित 20वीं नेशनल कराटे चैंपियनशिप में बॉडीटेक कराटे एकाडमी के खिलाडय़िों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए छत्तीसगढ़ और राजनांदगांव का नाम रोशन किया। राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता में लगभग 8,000 खिलाडिय़ों ने हिस्सा लिया, जिसमें बॉडीटेक कराटे एकाडमी के 5 खिलाडिय़ों ने पहली बार राष्ट्रीय प्रतियोगिता में भाग लेकर कुल 6 पदक अपने नाम किए। प्रतियोगिता में वर्णिका साहू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण एवं रजत पदक जीते। वहीं प्रकृति साहू ने कांस्य पदक, वरुण ने रजत पदक, तथा अंश और विराज ने कांस्य पदक हासिल किया। इस प्रकार बॉडीटेक कराटे एकाडमी ने कुल 5 खिलाडिय़ों के साथ 6 पदक जीतकर 100 प्रतिशत परिणाम दिया।
प्रतियोगिता के लिए बच्चों के रवाना होने से पहले और उनके लौटने पर राजनांदगांव रेलवे स्टेशन पर भव्य स्वागत किया गया। साहू समाज के सदस्यों ने सभी खिलाडय़िों का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए फूलों की वर्षा की और मिठाइयों का वितरण किया। वहीं सिख समाज की महिलाओं ने भी स्टेशन पर पहुंचकर बच्चों का स्वागत किया और उन्हें आशीर्वाद दिया। यह दृश्य सामाजिक एकता और भाईचारे का सुंदर उदाहरण रहा, जिसे सभी के लिए गर्व का क्षण बताया गया।
इस अवसर पर एक विशेष बात यह रही कि बॉडीटेक जिम की संचालिका श्रीमती रुचिका अजमानी स्वयं रेलवे स्टेशन पर पहुंचीं और विजेता बच्चों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने बच्चों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि पूरे शहर के लिए गर्व का विषय है और इन नन्हे खिलाडय़िों ने राजनांदगांव का मान बढ़ाया है।
श्रीमती रुचिका अजमानी ने बॉडीटेक कराटे एकाडमी की स्थापना में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। जब बॉडीटेक जिम में कराटे अकादमी शुरू करने की योजना बनाई गई थी, तब से ही उन्होंने इस विचार को आगे बढ़ाने में सक्रिय सहयोग दिया। एकाडमी की नींव रखने और उसे विकसित करने में उनका योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
इसी कारण इस सफलता को उनके लिए भी एक बड़ी उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है, क्योंकि एकाडमी की शुरुआत से लेकर आज राष्ट्रीय स्तर की इस सफलता तक उनकी भूमिका निरंतर रही है। बॉडीटेक एकाडमी पिछले लगभग तीन वर्षों से 3 से 17 वर्ष तक के बच्चों को कराटे का प्रशिक्षण दे रही है। तीन वर्षों की मेहनत और प्रशिक्षण के बाद पहली बार राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाडय़िों का पदक जीतना एकाडमी के लिए बड़ी उपलब्धि है।
इस सफलता के पीछे खिलाडिय़ों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, प्रशिक्षकों का मार्गदर्शन और माता-पिता का निरंतर सहयोग महत्वपूर्ण रहा। बच्चों के अभिभावकों ने बॉडीटेक कराटे एकाडमी पर विश्वास जताते हुए अपने बच्चों को यहां प्रशिक्षण के लिए भेजा, जिसका परिणाम राष्ट्रीय मंच पर मिली इस शानदार सफलता के रूप में सामने आया।
बॉडीटेक जिम के संचालक एवं बॉडीटेक कराटे एकाडमी से जुड़े अमित अजमानी ने सभी खिलाडय़िों को बधाई देते हुए उनके माता-पिता का विशेष रूप से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल खिलाडिय़ों की नहीं, बल्कि उनके माता-पिता, प्रशिक्षकों और पूरी एकाडमी की सामूहिक मेहनत का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि ‘हमारे लिए यह सिर्फ शुरुआत है। जिस तरह बच्चों ने पहली ही राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन किया है, उससे हमारा विश्वास और मजबूत हुआ है। हम आगे भी बच्चों को बेहतर प्रशिक्षण देकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उन्हें आगे बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे। हमारी जीत का सफर निश्चित रूप से जारी रहेगा। बॉडीटेक कराटे एकाडमी के इन नन्हे खिलाडय़िों की सफलता से राजनांदगांव और पूरे छत्तीसगढ़ में खुशी और गर्व का माहौल है। पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर उतरकर प्रत्येक खिलाड़ी का पदक जीतना एकाडमी के लिए एक ऐतिहासिक और प्रेरणादायक उपलब्धि है।

