प्रदेश की सुख-समृद्धि, बेहतर फसल और हरियाली की कामना; किसान को 16 लाख रुपये का चेक सौंपा, ‘ड्रोन दीदी’ की सफलता को सराहा
रायपुर, 12 अगस्त 2026।
पारंपरिक उत्सव: नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में लोकगीत, लोकनृत्य, गेड़ी-बिल्लस और पारंपरिक व्यंजनों से उतरा ग्रामीण जीवन का रंग।
अनोखी एंट्री: मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह पारंपरिक वेशभूषा में महिला चालक के पिंक ऑटो से पहुंचे कार्यक्रम स्थल।
पर्यावरण व पशुधन संरक्षण: पारिजात का पौधा लगाकर दिया हरियाली का संदेश; गौशाला में गौमाता की पूजा कर खिलाई पारंपरिक ‘लोंदी’।तकनीक व यंत्रीकरण: हार्वेस्टर सब्सिडी के तहत किसान को 16 लाख रुपये का चेक वितरित; 2500 एकड़ में ड्रोन छिड़काव करने वाली ‘ड्रोन दीदी’ चंद्रकली का अभिनंदन।

विस्तृत समाचार:
नवा रायपुर। छत्तीसगढ़ के प्रथम लोक पर्व हरेली तिहार के अवसर पर नवा रायपुर स्थित मुख्यमंत्री निवास में समृद्ध लोक संस्कृति, कृषि परंपरा और ग्रामीण जीवन की जीवंत झांकी साकार हुई। मांदर की थाप, गेड़ी के उल्लास और पारंपरिक व्यंजनों की खुशबू के बीच मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने विधि-विधान से भगवान शिव, गौमाता और कृषि औजारों की पूजा-अर्चना कर प्रदेश में अच्छी वर्षा, भरपूर फसल और नागरिकों की सुख-समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, कैबिनेट मंत्री, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।
पिंक ऑटो में पहुंचे मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष
हरेली के रंग में रंगे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह पारंपरिक वेशभूषा धारण कर महिला ऑटो चालक संगीता यादव के पिंक ऑटो में सवार होकर कार्यक्रम स्थल पहुंचे। मुख्यमंत्री ने गौरी-गणेश पूजन और शिवलिंग अभिषेक के बाद नांगर, रापा, कुदाल और फावड़े जैसे कृषि साधनों का विधि-विधान से पूजन कर छत्तीसगढ़ महतारी को नमन किया।
गौमाता को खिलाई पारंपरिक ‘लोंदी’
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने निवास परिसर स्थित गौशाला में गौमाता की आरती उतारी और गाय व बछड़े को हरा चारा, चना-गुड़ तथा पारंपरिक ‘लोंदी’ खिलाई। उन्होंने कहा कि पशुधन ग्रामीण अर्थव्यवस्था और कृषि व्यवस्था का अभिन्न हिस्सा हैं। हमारी लोक संस्कृति हमें पशुओं के प्रति संवेदनशीलता और संरक्षण की सीख देती है।
किसानों को सीधी राहत और तकनीक को बढ़ावा
समारोह में आधुनिक कृषि यंत्रीकरण को बढ़ावा देते हुए मुख्यमंत्री ने रायपुर के किसान इंद्र कुमार वर्मा को हार्वेस्टर सब्सिडी के रूप में 16 लाख रुपये का चेक सौंपा। वहीं, ‘ड्रोन दीदी’ चंद्रकली वर्मा से आत्मीय संवाद कर उनके प्रयासों की सराहना की, जिन्होंने ढाई हजार एकड़ से अधिक क्षेत्र में ड्रोन से नैनो यूरिया व कीटनाशकों का छिड़काव कर महिला सशक्तीकरण की मिसाल पेश की है।
पारिजात रोपण कर दिया हरियाली का संदेश
हरेली के प्रकृति संरक्षण के संदेश को आगे बढ़ाते हुए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने मुख्यमंत्री निवास परिसर में पारिजात के पौधे रोपे। उन्होंने आह्वान किया कि अधिक से अधिक पौधे लगाकर और उन्हें सहेजकर आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और सुरक्षित भविष्य निर्मित किया जाए।
लोककला, पारंपरिक खेल और व्यंजनों का संगम
आयोजन के दौरान गेड़ी, बिल्लस, गोटी, बाटी और रहचुली जैसे पारंपरिक ग्रामीण खेल आकर्षण का मुख्य केंद्र रहे। ठेठरी, खुरमी और बड़ा जैसे छत्तीसगढ़ी व्यंजनों के स्टॉलों ने पारंपरिक खानपान का रंग भरा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय खुद भी लोक कलाकारों के साथ मांदर और ढोलक की थाप पर पारंपरिक धुनों में झूमते नजर आए।
समारोह को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह और कृषि मंत्री रामविचार नेताम ने कहा कि किसान की समृद्धि से ही छत्तीसगढ़ और देश की समृद्धि का मार्ग प्रशस्त होगा। इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा, स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायकगण तथा वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


