महापौर मधुसूदन यादव के विशेष प्रयासों से 16 वर्षीय दिव्यांग को मिली ट्राईसाईकल
राजनांदगांव। संस्कारधानी के मोतीपुर वार्ड स्थित महापौर निवास में आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में 16 वर्षीय दिव्यांग मुकेश सोनकर को ट्राईसाईकल प्रदान की गई। महापौर मधुसूदन यादव के विशेष प्रयासों से उपलब्ध कराई गई ट्राईसाईकल मिलने पर मुकेश के चेहरे पर खुशी साफ झलक उठी।
उल्लेखनीय है कि महापौर निवास में प्रत्येक गुरुवार एवं रविवार को जनदर्शन कार्यक्रम आयोजित किया जाता है। इसमें राजनांदगांव शहर एवं जिले के साथ-साथ पूरे राजनांदगांव लोकसभा क्षेत्र से लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचते हैं। महापौर एवं पूर्व सांसद मधुसूदन यादव द्वारा लोगों की समस्याओं को सुनकर उनके निराकरण के लिए यथासंभव प्रयास किए जाते हैं।
जनदर्शन में लगाई थी ट्राईसाईकल की गुहार
विगत रविवार को जनदर्शन कार्यक्रम में वार्ड क्रमांक 11, शिवनगर निवासी 16 वर्षीय दिव्यांग मुकेश सोनकर, पिता प्रमोद सोनकर, अपनी समस्या लेकर महापौर के पास पहुंचा था। मुकेश ने आवेदन देकर अपने आवागमन के लिए ट्राईसाईकल उपलब्ध कराने का अनुरोध किया था।
आवेदक ने बताया था कि वह पांच सदस्यीय निर्धन श्रमिक परिवार का सदस्य है। उसके माता-पिता मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। सेरेब्रल पाल्सी डिसऑर्डर के कारण वह 60 प्रतिशत दिव्यांगता से ग्रस्त है और दैनिक आवागमन के लिए उसे ट्राईसाईकल की आवश्यकता थी।
समाज कल्याण विभाग से पूरी कराई गई प्रक्रिया
मुकेश के आवेदन पर महापौर मधुसूदन यादव ने संवेदनशीलता दिखाते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। समाज कल्याण विभाग के माध्यम से आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कराने के बाद मुकेश के लिए ट्राईसाईकल उपलब्ध कराई गई।
आज आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में महापौर मधुसूदन यादव ने ट्राईसाईकल हितग्राही मुकेश सोनकर को अपने हाथों से प्रदान की। नई ट्राईसाईकल मिलने के बाद मुकेश के चेहरे पर खुशी देखते ही बन रही थी।
परिवार ने जताया आभार
ट्राईसाईकल मिलने पर मुकेश सोनकर एवं उसके परिवार ने महापौर मधुसूदन यादव सहित शासन-प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया। परिवार ने समस्या पर त्वरित संज्ञान लेते हुए सहायता उपलब्ध कराने के लिए धन्यवाद दिया।
महापौर की इस पहल से दिव्यांग मुकेश के दैनिक आवागमन को आसान बनाने में मदद मिलेगी और उसे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने का अवसर भी मिलेगा।



