शोक कार्यक्रम के लिए मांस तैयार करने का आरोप, गाय की चमड़ी निकालते समय पुलिस ने दबोचा
कोंडागांव। जिले के इरागांव थाना क्षेत्र में गौ हत्या का मामला सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ग्राम पड्डे के जंगल क्षेत्र में छह लोग कथित रूप से गाय को काटकर उसकी चमड़ी निकाल रहे थे। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि शोक कार्यक्रम के लिए मांस तैयार करने के उद्देश्य से गौ हत्या की गई थी।
घटना की सूचना विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को मिली, जिसके बाद उन्होंने इसकी जानकारी इरागांव पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ग्राम पड्डे के जंगल क्षेत्र में पहुंची, जहां छह लोगों को कथित रूप से गाय की चमड़ी निकालते हुए मौके पर पकड़ा गया। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।
सूचना मिलते ही जंगल में पहुंची पुलिस
एसडीओपी अरुण कुमार नेताम ने बताया कि गौ हत्या की सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने जंगल क्षेत्र में दबिश दी थी। मौके से छह लोगों को पकड़ा गया। पूछताछ में शोक कार्यक्रम के लिए मांस तैयार करने के उद्देश्य से गाय की हत्या किए जाने की बात सामने आई है।
आरोपियों से पूछताछ जारी
फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है। मामले में घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और आरोपियों की भूमिका की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में अपराध दर्ज कर विधिवत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



