राजनांदगांव । शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तुमड़ीबोड की प्राचार्या डॉ. मोनसी वर्गीस को 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित मुख्य समारोह में उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया गया।
पीटीएस ग्राउंड में आयोजित गरिमामय शासकीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि छत्तीसगढ़ विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह के कर-कमलों से उन्हें सम्मान पत्र व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। इस अवसर पर मंच पर कलेक्टर जितेन्द्र यादव एवं जिला शिक्षा अधिकारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
डॉ. मोनसी वर्गीस को यह सम्मान विभागीय ऑनलाइन कार्यों के त्वरित एवं उत्कृष्ट निष्पादन के लिए प्रदान किया गया है। वर्तमान में वे शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तुमड़ीबोड के साथ-साथ पीएम श्री राजा सर्वेश्वर दास एनपीएन स्कूल ऑफ एक्सीलेंस के अतिरिक्त प्रभार का दायित्व भी कुशलतापूर्वक संभाल रही हैं। उल्लेखनीय है कि डॉ. वर्गीस को पूर्व में भी राज्य शासन द्वारा प्रतिष्ठित ‘मुख्यमंत्री शिक्षा गौरव अलंकरण शिक्षा श्री’ की उपाधि से अलंकृत किया जा चुका है।
उनके कुशल नेतृत्व एवं मार्गदर्शन का ही परिणाम है कि हाल ही में शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला तुमड़ीबोड के तीन विद्यार्थियों का चयन भारतीय सेना की ‘अग्निवीर’ परीक्षा में हुआ है, जिससे विद्यालय व क्षेत्र का नाम गौरवान्वित हुआ है। डॉ. मोनसी वर्गीस को मिले इस जिला स्तरीय सम्मान पर तुमड़ीबोड शाला विकास समिति के अध्यक्ष केशोराम साहू व समस्त सदस्यगण, ग्राम पंचायत तुमड़ीबोड की सरपंच श्रीमती भुनेश्वरी साहू, पीएम श्री सर्वेश्वर दास स्कूल की एसएमडीसी के अध्यक्ष सूर्यवंशी व सदस्यगण सहित दोनों विद्यालयों के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं और कर्मचारियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई व शुभकामनाएं दी हैं।



