राजनांदगांव। स्थानीय शीला थीजऩ मेमोरियल हाई स्कूल में 80वाँ स्वतंत्रता दिवस अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। इस अवसर पर शाला के छात्र-छात्राओं ने विशाल प्रभातफेरी (जुलूस) निकाली और गगनभेदी नारों के साथ क्षेत्रवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।
प्रभातफेरी के माध्यम से विद्यार्थियों ने समाज को संदेश दिया कि देशभक्ति केवल पर्व विशेष तक सीमित न रहे, बल्कि प्रतिदिन अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना ही सच्ची देशभक्ति है। समारोह में शाला की वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती सुनीता कड़व ने मुख्य अतिथि के रूप में विधिवत ध्वजारोहण किया। इसके पश्चात सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षक-शिक्षिकाओं ने राष्ट्रध्वज को सलामी देकर राष्ट्रगान व राष्ट्रगीत का सामूहिक गायन किया।
श्रीमती सुनीता कड़व ने विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम और लगन से शिक्षा ग्रहण करने के लिए प्रेरित किया, जिससे वे भविष्य में राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दे सकें। सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला में कुमारी युक्ति देवांगन ने प्रभावशाली भाषण प्रस्तुत कर छात्रों को अपनी जिम्मेदारियां निभाने का आह्वान किया, वहीं कुमारी ईशा साहू ने देशभक्ति से ओत-प्रोत कविता का पाठ किया। शिक्षिका श्रीमती एंजलीना मार्टिन एवं सुश्री देवयानी साहू ने देशभक्ति गीत एवं कविताओं की प्रस्तुति देकर वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। कार्यक्रम के दौरान प्राचार्य ने शिक्षकों एवं छात्रों को अपनी जिम्मेदारियों के प्रति सजग रहने के लिए प्रोत्साहित किया। आयोजन को सफल बनाने में उप प्राचार्य झमित साहू सहित समस्त शिक्षक-शिक्षिकाओं का सराहनीय योगदान रहा। कार्यक्रम का प्रभावी संचालन संस्था की एकेडमिक इंचार्ज सुश्री निहारिका मिश्रा द्वारा किया गया। अंत में समस्त विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को मिष्ठान वितरण के साथ कार्यक्रम का गरिमामय समापन हुआ।



