देवांगन समाज की महिलाओं ने गीत-संगीत के साथ लिया झूले का आनंद
राजनांदगांव। देवांगन समाज की तुलसीपुर-ममतानगर इकाई की महिलाओं द्वारा पूनम कॉलोनी स्थित श्री गणेश मंदिर परिसर में सावन झूला महोत्सव का उत्साहपूर्वक आयोजन किया गया। रंग-बिरंगे पारंपरिक परिधानों और आभूषणों से सजी महिलाओं ने सावन के झूले का आनंद लिया तथा पारंपरिक सावन गीतों के माध्यम से अपनी संस्कृति और परंपराओं को जीवंत किया। पूरे आयोजन में सनातन संस्कृति, लोकाचार और सामाजिक एकता की सुंदर झलक देखने को मिली।

कार्यक्रम का शुभारंभ समाज की आराध्य कुलदेवी माता परमेश्वरी की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया गया। पूजा के पश्चात सर्वप्रथम माता परमेश्वरी को झूला झुलाया गया। इसके बाद समाज की महिलाओं ने बारी-बारी से झूला झूलकर सावन उत्सव का आनंद लिया।
कार्यक्रम में समाज की बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। इस अवसर पर महिलाओं ने पारंपरिक परिधान एवं आभूषण धारण कर आयोजन की शोभा बढ़ाई। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न मनोरंजक खेल एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें महिलाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गीत-संगीत, खेलकूद, हंसी-मजाक और उल्लास के बीच पूरा वातावरण आनंदमय बना रहा। सभी महिलाओं ने मिल-जुलकर सावन पर्व की खुशियां मनाईं।
सामाजिक एकता का संदेश दिया
माता परमेश्वरी की पूजा एवं झूला झुलाने से शुरू हुआ यह सावन उत्सव गीत-संगीत, खेलकूद और हंसी-खुशी के साथ यादगार बन गया। महिलाओं की उत्साहपूर्ण सहभागिता ने कार्यक्रम को सफल एवं आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर समाज की महिलाओं ने अपनी परंपरा, संस्कृति और लोकाचार को जीवंत रखते हुए आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता का सुंदर संदेश दिया।
महिलाओं ने कहा कि ऐसे आयोजनों से समाज की महिलाओं को एक-दूसरे से जुड़ने और अपनी सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने का अवसर मिलता है।
सहभागिता: कामेश्वरी देवांगन (अध्यक्ष, महिला मंडल), हीरा देवांगन (सचिव, महिला मंडल), प्रीति देवांगन (कोषाध्यक्ष), दीपा देवांगन (उपाध्यक्ष, महिला), वरिष्ठ प्रकोष्ठ से अंजू, चित्ररेखा, मंजू, पार्वती, लीला एवं रीना देवांगन सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।



