ट्रांसपोर्ट नगर चौक से पेंड्री मोड़ के समीप रक्षाबंधन के दिन हुआ हादसा, नागपुर की ओर से आ रही थी भारी गाड़ी
राजनांदगांव (दावा)। शहर के नेशनल हाईवे पर ट्रांसपोर्ट नगर चौक से पेंड्री मोड़ के समीप रक्षाबंधन के दिन एक दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सामने चल रहे ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी, जिससे बाइक चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वाहन में सवार अन्य दो लोग गंभीर रूप से जख्मी हो गए।
ट्रेलर के पिछले हिस्से में जा घुसी बाइक
लालबाग थाना प्रभारी रमेश पटेल ने घटना की जानकारी देते हुए बताया कि अंबागढ़ चौकी क्षेत्र अंतर्गत बांधा बाजार के रहने वाले तीन लोग 28 अगस्त को रक्षाबंधन के अवसर पर बाइक पर सवार होकर राजनांदगांव आए हुए थे। दोपहर के वक्त जब वे ट्रांसपोर्ट नगर चौक पार करने के बाद पेंड्री की ओर जाने के लिए मुड़ रहे थे, तभी नागपुर की ओर से आ रही ट्रेलर (क्रमांक सीजी-04/जेई 0824) के पिछले हिस्से में उनकी बाइक जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए।
चालक की मौके पर मौत, दो घायल
इस भीषण सडक़ हादसे में बाइक चला रहे 60 वर्षीय पंचराम निषाद की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं, बाइक पर सवार अन्य दो लोग बुरी तरह घायल हो गए, जिन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। लालबाग थाने के अश्विनी यदु ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई व विवेचना जारी है।



