Home छत्तीसगढ़ सडक़ों पर आवारा मवेशियों के जमावड़े से हादसों का खतरा : विहिप-बजरंग...

सडक़ों पर आवारा मवेशियों के जमावड़े से हादसों का खतरा : विहिप-बजरंग दल ने कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन…

14
0

लापरवाह पशुपालकों पर जुर्माना, सुरक्षित गौशाला व्यवस्था व घायल गौवंश के त्वरित इलाज की मांग, विशेष अभियान चलाने का आग्रह

राजनांदगांव (दावा)। शहर एवं ग्रामीण अंचल की प्रमुख सडक़ों व राष्ट्रीय राजमार्गों पर बेसहारा और खुले में छोड़े जा रहे मवेशियों के कारण लगातार बढ़ रही सडक़ दुर्घटनाओं पर विश्व हिंदू परिषद (विहिप) एवं बजरंग दल ने गहरी चिंता व्यक्त की है। संगठन के एक प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपकर सडक़ों पर मवेशी छोडऩे वाले लापरवाह पशु मालिकों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई व जुर्माना लगाने तथा मवेशियों के सुरक्षित पुनर्वास की मांग की है।

सडक़ों पर मवेशियों का डेरा, जानलेवा हादसों की आशंका
ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि शहर के मुख्य चौराहों, नेशनल हाईवे और ग्रामीण मार्गों के बीचों-बीच भारी संख्या में गोवंश एवं अन्य मवेशी बैठे या घूमते रहते हैं। बारिश और रात के अंधेरे में वाहन चालकों को मवेशी नजर नहीं आते, जिससे आए दिन गंभीर सडक़ दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं। इन हादसों में जहां बेजुबान पशु गंभीर रूप से घायल होकर अकाल मौत का शिकार हो रहे हैं, वहीं वाहन चालकों व आम नागरिकों की जान भी जोखिम में पड़ रही है।
गौशालाओं में पुनर्वास और त्वरित उपचार की दरकार
विहिप और बजरंग दल ने जिला प्रशासन से मांग की है कि मुख्य मार्गों से मवेशियों को पकडक़र सुरक्षित गौशालाओं और कांजी हाउस में भेजा जाए तथा गौशालाओं में चारे-पानी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। सडक़ दुर्घटनाओं में घायल होने वाले गोवंश के लिए त्वरित पशु चिकित्सा और एम्बुलेंस सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
अत्यधिक दुर्घटना संभावित क्षेत्रों (ब्लैक स्पॉट्स) को चिन्हित कर वहां विशेष पशु नियंत्रण और सुरक्षात्मक उपाय किए जाएं। पशु मालिकों को अपने मवेशी बांधकर रखने हेतु जागरूक किया जाए तथा बार-बार लापरवाही बरतने वालों पर भारी जुर्माना व कानूनी कार्रवाई की जाए। संगठन ने गोवंश की सुरक्षा और नागरिकों की जानमाल की रक्षा हेतु जिलेभर में तत्काल एक विशेष अभियान संचालित करने का आग्रह किया है। ज्ञापन सौंपते समय विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं गौ रक्षा विभाग के प्रमुख पदाधिकारी व बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here