नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले के साथ ईई को सौंपा ज्ञापन, शुद्ध पेयजल आपूर्ति की मांग
राजनांदगांव (दावा)। शहर के ममता नगर (गली नंबर ६, वार्ड क्रमांक १८) में विगत कई दिनों से नलों में बदबूदार और गंदे पानी की निरंतर आपूर्ति होने से वार्डवासियों का गुस्सा चरम पर पहुंच गया है। बारिश के मौसम में दूषित जल के सेवन से संक्रामक बीमारियों के फैलने की आशंका के बीच सोमवार को आक्रोशित नागरिकों ने नगर पालिक निगम पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और कार्यपालन अभियंता (ईई) को ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था सुधारने की मांग की।
दो माह से झेल रहे समस्या, अल्प समय खुलते हैं नल
निगम मुख्यालय पहुंचे नागरिकों ने बताया कि विगत दो माह से क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था चरमराई हुई है। नलों से मटमैला, बदबूदार और पीने अयोग्य पानी आ रहा है। इसके अलावा जलापूर्ति का समय भी बेहद कम कर दिया गया है। जिससे लोगों को पर्याप्त पानी तक नहीं मिल पा रहा। नागरिकों का कहना है कि इस गंभीर समस्या को लेकर पहले भी निगम प्रशासन को अवगत कराया जा चुका है, किंतु अधिकारियों की लापरवाही के चलते कोई सुधार नहीं हुआ। बार-बार की अनदेखी से नाराज वार्डवासियों के सब्र का बांध सोमवार को टूट पड़ा।
जलप्रदाय व्यवस्था पर नेता प्रतिपक्ष ने उठाए सवाल
समस्या लेकर पहुंचे वार्डवासियों ने नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष संतोष पिल्ले से मुलाकात कर अपनी परेशानी साझा की। नेता प्रतिपक्ष ने नागरिकों की समस्या को जायज ठहराते हुए निगम के जलकार्य विभाग को आड़े हाथ लिया। उन्होंने कहा कि बारिश के दिनों में जलस्रोतों में पानी की कोई कमी नहीं है। इसके बावजूद उचित रखरखाव, फिल्टर प्लांट व टंकियों की समय पर सफाई न होने से पूरे शहर में गंदे पानी की आपूर्ति हो रही है। विभागीय उदासीनता के कारण नागरिक जलजनित रोगों के शिकार हो रहे हैं।
ईई को सौंपा ज्ञापन, तत्काल सुधार की मांग
इसके उपरांत नागरिकों और नेता प्रतिपक्ष ने निगम के कार्यपालन अभियंता (ईई) यू.के. रामटेके को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि ममता नगर में दूषित पानी के कारणों की तत्काल जांच कर पाइपलाइन लीकेज को ठीक किया जाए और क्षेत्र में नियमित रूप से स्वच्छ व शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराया जाए। यदि शीघ्र समाधान नहीं किया गया, तो वार्डवासी उग्र आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। प्रदर्शन एवं ज्ञापन सौंपने के दौरान पत्रकार सुरेंद्र गुप्ता सहित ममता नगर के बड़ी संख्या में महिला एवं पुरुष नागरिक उपस्थित रहे।



